सेना भर्ती की तैयारी कर रहे छात्र ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान
मां का फोन नहीं उठाया तो दोस्त को भेजा, ई-बस डिपो के बाहर बेहोश मिला छात्र; प्रेम प्रसंग समेत कई बिंदुओं पर जांच
कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के अहिरवां ई-बस डिपो के बाहर मंगलवार शाम सेना भर्ती की तैयारी कर रहे 25 वर्षीय छात्र ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर वह वहीं बेहोश होकर गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे कांशीराम अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रात करीब 11 बजे शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान कानपुर देहात के रानियां क्षेत्र के बिलई गांव निवासी विवेक कुमार उर्फ सचिन (25) के रूप में हुई है। उसके पिता अवधेश कुमार फैक्ट्री में गार्ड हैं। परिवार में मां शिरोमणि और बहनें सोनम व लक्ष्मी हैं।
मौसी के घर रहकर कर रहा था तैयारी
परिजनों के मुताबिक, सचिन करीब दो महीने पहले अहिरवां निवासी अपनी मौसी सुरुचि और मौसा सिद्धनाथ के घर आया था। वह यहीं रहकर प्रतियोगी परीक्षा और सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था।
मंगलवार शाम सचिन अहिरवां स्थित ई-बस चार्जिंग प्वाइंट के बाहर पहुंचा और वहीं बैठकर जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उसकी मां शिरोमणि ने उसे फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। मां ने उसके दोस्त आशीष को फोन कर जानकारी लेने के लिए कहा।
आशीष मौके पर पहुंचा तो सचिन बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रेम प्रसंग की बात सामने आई
मृतक की मां के मुताबिक, गांव की एक युवती से सचिन का काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिवार के लोगों ने बताया कि इसी वजह से उसे मौसी के घर भेजा गया था। परिजनों के मुताबिक, आत्महत्या से पहले सचिन ने फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम से अपनी कई तस्वीरें भी हटा दी थीं।
हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस आत्महत्या के पीछे प्रेम प्रसंग समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

