पत्नी से विवाद के बीच युवक ने फंदे से लटककर दी जान

पत्नी से विवाद के बीच युवक ने फंदे से लटककर दी जान

हाथीगांव में घर के कमरे में मिला शव, तीन बच्चों का था पिता; पुलिस ने शुरू की जांच

महाराजपुर। थाना क्षेत्र के हाथीगांव में सोमवार सुबह एक युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान साढ़ थाना क्षेत्र के बरई गांव निवासी नरेश (35) पुत्र देशराज के रूप में हुई है।

बताया गया कि नरेश पिछले करीब 20 दिनों से अपने मौसा विशंभर के घर हाथीगांव में रह रहा था। सोमवार सुबह करीब सात बजे परिजनों ने उसे कमरे में छत के कुंडे से साड़ी के फंदे के सहारे लटका देखा। यह देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सरसौल चौकी प्रभारी राजमोहन मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

चौकी प्रभारी के अनुसार नरेश शादीशुदा था और उसके तीन बच्चे हैं। बताया गया कि उसका पत्नी से विवाद चल रहा था, जिसके चलते पत्नी बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। प्रथम दृष्टया पुलिस इसी पारिवारिक विवाद को घटना की वजह मान रही है, हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारण की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *