करंट लगने से घायल छात्रा की अस्पताल में मौत, पिता ने लगाया इलाज में लापरवाही और हत्या का आरोप

करंट लगने से घायल छात्रा की अस्पताल में मौत, पिता ने लगाया इलाज में लापरवाही और हत्या का आरोप

कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर में 15 वर्षीय नौवीं कक्षा की छात्रा की गुरुवार देर शाम कुलवंती अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बेटी की मौत की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे पिता ने डॉक्टरों और परिजनों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उन्होंने अपनी पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोगों पर बेटी की हत्या किए जाने का भी आरोप लगाया। सूचना पर रावतपुर और काकादेव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच व कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिता ने पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराने के साथ ही पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

करंट लगने के बाद अस्पताल में कराया गया था भर्ती
कल्याणपुर के आईआईटी नानकारी निवासी मनोज कुमार मजदूरी करते हैं। पारिवारिक विवाद के चलते वह करीब छह साल से पत्नी और बच्चों से अलग रह रहे हैं। उनकी पत्नी सोनी दोनों बच्चों लक्ष्मी और रुद्र के साथ रावतपुर के आनंद नगर में रहती हैं।

मनोज ने पुलिस को बताया कि 14 सितंबर को उनकी बेटी लक्ष्मी को करंट लग गया था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे कुलवंती अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा था।
बेटे के फोन से मिली बेटी की मौत की जानकारी
मनोज के मुताबिक, गुरुवार देर शाम उनके बेटे रुद्र ने फोन कर लक्ष्मी की मौत की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह कुलवंती अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए डॉक्टरों और परिजनों से विरोध जताया। विवाद बढ़ने पर उन्होंने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
कुछ ही देर में रावतपुर और काकादेव थाने की पुलिस अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और मामले की जांच का भरोसा दिया। इसके बाद छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पत्नी और मायके पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
मनोज ने बेटी की मौत को संदिग्ध बताते हुए अपनी पत्नी सोनी और उसके मायके पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच कराने और पोस्टमार्टम पैनल से वीडियोग्राफी के साथ कराने की मांग की है।

रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश रॉय ने बताया कि पति-पत्नी करीब छह साल से अलग रह रहे हैं। छात्रा की मौत को लेकर उसके पिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु की बात कही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *