मार्बल मार्केट की बदहाल सड़क और पानी कनेक्शन का मुद्दा सांसद के सामने उठा, व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन

मार्बल मार्केट की बदहाल सड़क और पानी कनेक्शन का मुद्दा सांसद के सामने उठा, व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन

सीएम ग्रिड के तहत सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार से व्यापारी परेशान, धूल-मिट्टी से स्वास्थ्य पर पड़ रहा असर; सांसद ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन

कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश मार्बल टाइल्स व्यापारी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार गौड़ के नेतृत्व में मार्बल टाइल्स व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद रमेश अवस्थी से मुलाकात कर मार्बल मार्केट की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान व्यापारियों ने सीएम ग्रिड परियोजना के तहत बन रही सड़क के निर्माण में हो रही देरी और पेयजल लाइन के कनेक्शन नहीं जोड़े जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

व्यापारियों ने सांसद को बताया कि मार्बल मार्केट में सीएम ग्रिड के तहत सड़क निर्माण का कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। लंबे समय से निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण व्यापारियों के साथ ही यहां आने वाले ग्राहकों और आम नागरिकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण के दौरान उड़ने वाली धूल और मिट्टी से दुकानदारों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इसके अलावा व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि क्षेत्र में पानी की पाइपलाइन कई साल पहले बिछाई जा चुकी है, लेकिन अभी तक लाइन से कनेक्शन नहीं जोड़े गए हैं। इसके चलते व्यापारी पाइपलाइन सुविधा का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। व्यापारियों ने सड़क निर्माण में गुणवत्ता और अन्य तकनीकी कमियों की ओर भी सांसद का ध्यान आकर्षित कराया।

सांसद रमेश अवस्थी ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वह शीघ्र ही मार्बल मार्केट का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचेंगे, ताकि मौके पर समस्याओं की वास्तविक स्थिति देखकर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनका निस्तारण कराया जा सके।

इस दौरान कानपुर शहर की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि सांसद के हस्तक्षेप से मार्बल मार्केट की सड़क, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।

ज्ञापन देने वालों में प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार गौड़, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष प्रखर शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष विशाल ओमर उर्फ मोनू, प्रदेश मंत्री पीयूष दाधीच और सदस्य सुमित गुप्ता सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *