जालंधर सिटी यार्ड में काम के चलते चार ट्रेनों के बदले रूट, तीन रहेंगी लेट
कानपुर। उत्तर रेलवे के जालंधर सिटी यार्ड में पुल संख्या-28 के पुराने गर्डर हटाकर नए पीएससी स्लैब लगाने का काम किया जाएगा। इसके लिए अक्तूबर में ट्रैफिक और ओएचई ब्लॉक लिया जाएगा। ब्लॉक के चलते चार प्रमुख ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है, जबकि तीन ट्रेनें 60 से 110 मिनट तक की देरी से संचालित होंगी।
रेलवे के अनुसार, जम्मू तवी-टाटानगर एक्सप्रेस (18102) सात अक्तूबर को पठानकोट-मुकेरियां-जालंधर कैंट होकर चलेगी। वहीं संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस (18309) छह और आठ अक्तूबर को जालंधर कैंट-मुकेरियां-पठानकोट होकर संचालित होगी। मार्ग परिवर्तन के कारण इन ट्रेनों के कई ठहराव रद्द रहेंगे।
होशियारपुर-आगरा कैंट एक्सप्रेस (11906) और आगरा कैंट-होशियारपुर एक्सप्रेस (11905) सात और नौ अक्तूबर को जालंधर सिटी नहीं जाएंगी। दोनों ट्रेनों को जालंधर कैंट से सीधे संचालित किया जाएगा।
तीन ट्रेनें 60 से 110 मिनट तक रहेंगी लेट
ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ेगा। अमृतसर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (12926) आठ अक्तूबर को 90 मिनट और 10 अक्तूबर को 70 मिनट देरी से चलेगी।
इसी तरह अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस (15708) आठ और 10 अक्तूबर को 90 से 110 मिनट तक विलंबित रहेगी। अमृतसर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस (11058) 10 अक्तूबर को करीब 60 मिनट की देरी से संचालित होगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि निर्धारित तिथियों में यात्रा से पहले ट्रेन के मार्ग और संचालन समय की जानकारी जरूर जांच लें।

