कानपुर में स्वाइन फ्लू का बढ़ा प्रकोप, 32 मामले सामने आए
79 वर्षीय बुजुर्ग की रिपोर्ट पॉजिटिव, गंभीर हालत में लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती
कानपुर। शहर में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। अगस्त माह से अब तक स्वाइन फ्लू के कुल 32 मामले सामने आ चुके हैं। रविवार को 79 वर्षीय बुजुर्ग में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
नोडल अधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह के अनुसार, मौसम में बदलाव और वातावरण में बढ़ी नमी के कारण वायरल संक्रमण के प्रसार का खतरा बढ़ गया है। बुजुर्गों, बच्चों और पहले से गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को संक्रमण का खतरा अधिक रहता है। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
अस्पतालों को किया गया अलर्ट
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के प्रमुख अस्पतालों को अलर्ट पर रखते हुए संदिग्ध मरीजों की तत्काल जांच कराने के निर्देश दिए हैं। चिकित्सकों ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, बदन दर्द या सांस फूलने जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करें और तत्काल चिकित्सकीय सलाह लें। भीड़भाड़ वाले स्थानों, अस्पतालों और सार्वजनिक परिवहन में मास्क का इस्तेमाल करने के साथ हाथों को साबुन-पानी से धोते रहें या सैनिटाइजर का प्रयोग करें।
लक्षण होने पर घर में रहें अलग
फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर संक्रमित व्यक्ति को परिवार के अन्य सदस्यों से दूरी बनाए रखते हुए घर में अलग रहने की सलाह दी गई है, ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी सरकारी या अधिकृत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।

