बांदा में तीन बीघा जमीन के लिए बेटा बना हैवान, हंसिया से हमला करके बुजुर्ग पिता की ले ली जान

Banda Murderबांदा में किसान मोतीलाल यादव की हत्या उनके बेटे ने कर दी।
बांदा । उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में महज तीन बीघा जमीन की चाहत ने एक बेटे को इस कदर हैवान बना दिया कि उसने अपने ही पिता की जान ले ली। जमीन अपने नाम कराने और उसे बेचने के विवाद में बड़े बेटे ने हंसिया से पिता पर हमला कर दिया। उसने गले और सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए जिससे उसके 65 वर्षीय पिता की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के समय बुजुर्ग घर में चूल्हे पर चाय बना रहे थे। पिता की हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात व्यक्ति पर हत्या का आरोप मढ़ने की कोशिश की, लेकिन पूछताछ में उसका राज खुल गया।

जमीन देने की जिद पूरी न करने पर किया हमला

यह दिल दहला देने वाली वारदात शुक्रवार को रात में करीब आठ बजे शहर कोतवाली क्षेत्र के बांधा पुरवा गांव में हुई। गांव के निवासी मोतीलाल यादव के पास करीब तीन बीघा कृषि भूमि है। पुलिस के अनुसार उनका बड़ा बेटा नीलम उर्फ नथुवा काफी समय से यह जमीन उसके नाम करने की जिद कर रहा था। इतना ही नहीं, वह पिता पर जमीन बेचने का भी दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर शुक्रवार को रात में पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में अकर नीलम ने हंसिया उठा लिया और पिता के गले व सिर पर कई वार कर दिए। लहूलुहान मोतीलाल बरामदे में गिर पड़े और उनकी सांसें थम गईं।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *