नगर निगम का CCTV फुटेज वायरल होने पर महापौर के बेटे ने उठाए सवाल, नगर आयुक्त से मांगा जवाब

कानपुर। नगर निगम में महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के बीच विवाद के बाद अब महापौर के बेटे अमित पांडेय उर्फ बंटी भी इस मामले में सामने आ गए हैं। उन्होंने नगर आयुक्त को पत्र भेजकर नगर निगम परिसर में लगे सरकारी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बाहरी व्यक्तियों तक पहुंचने पर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही फुटेज से जुड़े अभिलेख सुरक्षित रखने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ सीसीटीवी फुटेज

दरअसल, बुधवार को नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें अमित पांडेय नगर निगम परिसर में प्रवेश करने के बाद महापौर कार्यालय के गेस्ट रूम में जाते दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा एक तस्वीर भी सामने आई, जिसमें वह गेस्ट रूम के अंदर दो अधिवक्ताओं और कुछ पार्षदों के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं। वीडियो और तस्वीर वायरल होने के बाद सरकारी सीसीटीवी फुटेज के बाहरी लोगों तक पहुंचने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

पत्र भेजकर मांगा स्पष्टीकरण

अमित पांडेय ने नगर आयुक्त को भेजे पत्र में कहा कि सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षा के उद्देश्य से रखी जाती है। ऐसे में यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि नगर निगम परिसर की फुटेज किस माध्यम से बाहरी व्यक्तियों तक पहुंची और किस उद्देश्य से उसे सार्वजनिक किया गया। यदि फुटेज किसी वैध प्रक्रिया के तहत उपलब्ध कराई गई है तो उससे संबंधित आदेश और प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाए।

उन्होंने पत्र में यह भी कहा कि वह महापौर के पुत्र हैं और इस तथ्य को छिपाने की कोई आवश्यकता नहीं है, लेकिन इससे उन्हें कोई विशेष अधिकार नहीं मिलता और न ही उनके सामान्य नागरिक अधिकार समाप्त होते हैं। किसी भी नागरिक की तरह उन्हें अपने वैध कार्यों के लिए नगर निगम आने का अधिकार है। साथ ही उनकी निजता का संरक्षण भी जरूरी है।

अमित पांडेय ने सीसीटीवी फुटेज से संबंधित रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। अब इस मामले में नगर आयुक्त के जवाब और जांच पर निगाहें टिकी हैं।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *