काकादेव कारोबारी हत्याकांड सीएम दरबार पहुंचा, पत्नी ने लगाई न्याय की गुहार

ओम चौराहे पर पांच सितंबर की रात हुई थी अमित की हत्या, पत्नी ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग की

कानपुर। काकादेव के ओम चौराहे पर कारोबारी अमित कुमार उर्फ सोनू की हत्या का मामला अब मुख्यमंत्री दरबार तक पहुंच गया है। सोमवार को मृतक की पत्नी शिवानी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दरबार पहुंचीं। उन्होंने प्रार्थना पत्र देकर पति की हत्या के मामले में न्याय की गुहार लगाई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

शिवानी ने बताया कि पांच सितंबर की रात करीब 11:15 बजे ओम चौराहे पर पेशाब करने को लेकर अमित की हिस्ट्रीशीटर संजय सिंह चौहान से कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसके बाद तीन अन्य लोगों ने संजय का पक्ष लेते हुए अमित को घसीटकर पीटा। आरोप है कि ईंट-पत्थरों से सिर पर हमला कर उनकी हत्या कर दी गई।

मृतक की पत्नी का आरोप है कि घटना की शुरुआत से ही पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज समेत कई अहम जानकारियां थीं। इसके बावजूद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

हिस्ट्रीशीट में दर्ज हैं कई मुकदमे

मुख्यमंत्री को सौंपे गए दस्तावेजों में संजय सिंह चौहान की हिस्ट्रीशीट का भी उल्लेख किया गया है। इसमें वर्ष 2007 से 2023 के बीच उसके खिलाफ दर्ज 58 मुकदमों का हवाला दिया गया है। इनमें हत्या के प्रयास, लूट, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के मामले शामिल बताए गए हैं।

वहीं, दूसरे आरोपी हितेंद्र श्रीवास्तव उर्फ मोनू नेता के खिलाफ वर्ष 2015 से 2018 के बीच दर्ज नौ मुकदमों का भी जिक्र किया गया है। इनमें वसूली, मारपीट, धमकी, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले बताए गए हैं।

परिजनों का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई होने के बाद ही उन्हें न्याय मिल सकेगा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *