महाराजपुर में हाईवे पर दर्दनाक हादसा, युवक की मौत

महाराजपुर में हाईवे पर दर्दनाक हादसा, युवक की मौत

रूमा स्थित एजेंसी जाते समय अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, सीसीटीवी फुटेज से वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान लाहौरपुर निवासी अल्ताफ (22) पुत्र इमामुद्दीन के रूप में हुई है। वह पिछले कई महीनों से सरसौल कस्बे में रहकर एक एजेंसी में मैकेनिक का काम करता था।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब आठ बजे अल्ताफ रोज की तरह बाइक से रूमा स्थित एजेंसी जाने के लिए निकला था। हाईवे पर पहुंचते ही पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अल्ताफ उछलकर सड़क पर जा गिरा, जबकि बाइक करीब 10 मीटर तक घिसटती चली गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हादसे में अल्ताफ के सिर में गंभीर चोट लगी और वह खून से लथपथ हो गया। सूचना पर पहुंची महाराजपुर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे सरसौल सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *