फजलगंज में झोपड़ी पर पलटी ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली, सास-बहू की मौत; पिता-पुत्री घायल

फजलगंज में झोपड़ी पर पलटी ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली, सास-बहू की मौत; पिता-पुत्री घायल

कानपुर। फजलगंज में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी झोपड़ी पर पलट गई। हादसे में झोपड़ी के अंदर सो रहे एक ही परिवार के चार लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे राहगीरों और पुलिस ने सभी को बाहर निकलवाकर हैलट अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान 60 वर्षीय सियावती सिंह और उनकी 40 वर्षीय बहू पुष्पा देवी उर्फ अंजना की मौत हो गई। वहीं, पुष्पा के पति सजीवन उर्फ बउआ और उनकी बेटी मिष्ठी घायल हो गए। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

देर रात दो बजे हुआ हादसा

दादा नगर ढाल के पास स्थित कच्ची मड़ैया में सुंदर सिंह अपनी पत्नी सियावती, बेटे सजीवन, बहू पुष्पा और नातिन मिष्ठी के साथ रहते हैं। सुंदर फजलगंज स्थित ट्रक बॉडी मेकर फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड हैं, जबकि उनका बेटा सजीवन लोडर चालक है। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात करीब आठ बजे करवा चौथ की पूजा के बाद सुंदर ड्यूटी पर चले गए थे। घर में बेटा सजीवन अपनी पत्नी और बेटी के साथ मौजूद था।

देर रात करीब दो बजे दादा नगर पुल से फजलगंज की ओर जा रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर उनकी झोपड़ी पर पलट गई। हादसे में झोपड़ी के अंदर सो रहे चारों लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दब गए। हादसे के बाद चालक और मजदूर मौके से भाग निकले। इलाकाई लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और मेट्रो कर्मचारियों की मदद से क्रेन के जरिए ट्रैक्टर-ट्रॉली हटवाकर चारों को बाहर निकलवाया।

सास-बहू की मौत, पिता-पुत्री की हालत खतरे से बाहर

पुलिस ने सभी घायलों को हैलट अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने सियावती और पुष्पा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सजीवन और उनकी बेटी मिष्ठी का इलाज जारी है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *