ट्रक की टक्कर से डेयरी संचालक गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
बिधनू में पार्किंग के पास हादसा, पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया

कानपुर। बिधनू थानाक्षेत्र अंतर्गत कानपुर-सागर हाईवे पर बिधनू कस्बे में पार्किंग के पास मंगलवार देर शाम ट्रक की टक्कर से बाइक सवार डेयरी संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सीएचसी बिधनू पहुंचाया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है।
घाटमपुर थाना क्षेत्र के जहांगीराबाद गांव निवासी विनीत यादव डेयरी संचालक हैं। मंगलवार को वह किसी काम से बाइक से कानपुर गए थे। देर शाम घर लौटते समय बिधनू में पार्किंग के पास सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी पहुंचाया। बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


