तालाब में डूबी कार से मिले तीन कारोबारियों के शव, 20 घंटे तक पानी में डूबी रही गाड़ी

तालाब में डूबी कार से मिले तीन कारोबारियों के शव, 20 घंटे तक पानी में डूबी रही गाड़ी

बहराइच से लौटते समय हुआ हादसा, बेटे का एक्सीडेंट होने पर उसे देखने गए थे राकेश; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सीतापुर। कमलापुर थाना क्षेत्र के पंचपीर गांव में सोमवार देर रात तालाब में डूबी ऑल्टो कार से तीन कारोबारियों के शव मिले। रात करीब डेढ़ बजे ग्रामीणों ने तालाब में कुछ तैरता देखा। टॉर्च की रोशनी डालने पर कार की छत दिखाई दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से कार बाहर निकलवाई। कार की अगली सीटों पर दो और पीछे की सीट पर एक शव मिला। दस्तावेजों के आधार पर मृतकों की पहचान सिधौली निवासी राकेश चौरसिया (50), सतीश निर्मल (40) और रामेंद्र सिंह (62) के रूप में हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

पुलिस के मुताबिक, राकेश के बेटे मोहन का रविवार दोपहर करीब चार बजे बहराइच में एक्सीडेंट हो गया था। उसे हल्की चोटें आई थीं। बेटे को देखने और घर लाने के लिए राकेश ने बहराइच जाने की योजना बनाई। इसकी जानकारी पड़ोसी सतीश और अटरिया निवासी रामेंद्र को हुई तो वे भी साथ चलने को तैयार हो गए। तीनों रविवार शाम करीब पांच बजे सतीश की ऑल्टो कार (यूपी 32 ईई 4038) से बहराइच के लिए रवाना हुए। रात में वहां पहुंचने के बाद उन्होंने परिवार से संपर्क भी किया था।

बेटा घर लौटा, पिता नहीं पहुंचे

देर रात मोहन अपने दोस्त के साथ घर लौट आया। उसने परिजनों को बताया कि उसके पिता को कुछ काम आ गया था, इसलिए वह देर से बहराइच से निकले। इसके बाद तीनों के घर नहीं पहुंचने पर परिजन परेशान हो गए। फोन मिलाने पर किसी से संपर्क नहीं हो सका। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे मोबाइल फोन बंद मिलने पर गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने सिधौली से बहराइच के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।

घर से 20 किमी दूर दिखी कार

पुलिस को घर से करीब 20 किलोमीटर दूर कंदनी फैक्ट्री के सीसीटीवी कैमरे में कार घर की तरफ आती दिखाई दी। इसके बाद फैक्ट्री और घर के बीच तलाशी अभियान चलाया गया। मोबाइल नंबरों की अंतिम लोकेशन खुर्द गांव के पास मिली। इसी दौरान सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे पंचपीर गांव के ग्रामीणों ने तालाब में कार डूबे होने की सूचना दी। पुलिस ने क्रेन से कार बाहर निकलवाई तो उसमें तीनों के शव मिले।

तीनों की महावीर मार्केट में थीं दुकानें

राकेश चौरसिया की सिधौली की महावीर मार्केट के पास पान-मसाले की दुकान थी। उनका बड़ा बेटा मोहन बहराइच में रहता है। सतीश निर्मल की तहसील रोड स्थित महावीर मार्केट में जय श्री कॉस्मेटिक के नाम से दुकान थी। उनके परिवार में 14 साल का बेटा उज्ज्वल और 11 साल की बेटी है। वहीं, रामेंद्र सिंह की महावीर मार्केट में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान थी। उनके तीन बेटे रोहित, शोभित और मोहित हैं।

सड़क किनारे न बाउंड्रीवॉल, न रेलिंग

जिस तालाब में कार डूबी मिली, उसके किनारे बाउंड्रीवॉल और सड़क पर रेलिंग नहीं थी। पिछले महीने हुई मूसलाधार बारिश के कारण तालाब पानी से लबालब भरा था। शुरुआती जांच में कार के पानी में डूबने से तीनों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में कार सुबह करीब चार बजे दिखाई दी थी। घटनास्थल तक पहुंचने में करीब 20 मिनट लगने का अनुमान है। ऐसे में हादसा तड़के करीब 4:20 बजे होने की आशंका है। कार करीब 20 घंटे तक तालाब में डूबी रही।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पानी में डूबने के बाद कार के चारों दरवाजे लॉक हो गए होंगे। काफी कोशिश के बावजूद दरवाजे नहीं खुल सके। प्रभारी निरीक्षक अतुल चौधरी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *