AK-47 के साथ युवक की फोटो वायरल, जांच में AI से बनी निकली तस्वीर
कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के एक युवक की AK-47 जैसे हथियार के साथ सोशल मीडिया पर वायरल फोटो से रविवार को पुलिस महकमे में हलचल मच गई। फोटो की जानकारी मिलते ही पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। करीब चार घंटे तक चली जांच में पता चला कि तस्वीर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार की गई थी। इसके बाद पुलिस ने युवक को चेतावनी देकर छोड़ दिया।
रामादेवी चौकी प्रभारी गौरव शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक युवक की फोटो वायरल हुई थी, जिसमें वह AK-47 जैसे हथियार के साथ खड़ा दिखाई दे रहा था। फोटो की जांच करने पर युवक की पहचान गदियाना निवासी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
मामले की जानकारी मिलते ही कई अधिवक्ता, भू-माफिया और प्रभावशाली लोगों का चकेरी थाने के अंदर और बाहर जमावड़ा लगा रहा। पुलिस ने युवक के सोशल मीडिया अकाउंट और तस्वीर की तकनीकी जांच कराई। जांच में सामने आया कि वायरल फोटो AI तकनीक से तैयार की गई थी और उसमें दिखाया गया हथियार वास्तविक नहीं था।
पुलिस ने युवक की वास्तविक तस्वीरों का भी मिलान किया, जिसमें कोई आपत्तिजनक तथ्य नहीं मिले। लगभग चार घंटे की पूछताछ और सत्यापन के बाद युवक को छोड़ दिया गया।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि युवक ने AI से तैयार तस्वीर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लगाई थी। जांच में किसी अवैध गतिविधि के साक्ष्य नहीं मिले। युवक को भविष्य में इस तरह की भ्रामक तस्वीरें साझा न करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

