पति पर जेवर चोरी का आरोप, महिला ने दर्ज कराई FIR
कानपुर। जाजमऊ थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में एक महिला ने अपने पति पर घर की अलमारी से सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि पति नशे का आदी है और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आदर्श नगर निवासी प्रियंका अवस्थी एक निजी कंपनी में सेल्समैन का काम करती हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पिता की मौत के बाद वह ससुराल में रह रही हैं। आरोप है कि उनके पति विपुल अवस्थी नशे के आदी हैं और लंबे समय से घर में ही रहते थे। महिला के मुताबिक, करीब एक माह पहले पति ने उनके साथ मारपीट भी की थी।
प्रियंका का आरोप है कि पति पहले ही उनके दो सोने के कड़े ले जा चुके थे। इसके बाद 9 मई की सुबह उन्होंने घर की अलमारी खोली तो उसमें रखे सोने-चांदी के अन्य जेवर भी गायब मिले। जेवर गायब देखकर उन्होंने अपनी सास और मोहल्ले के लोगों को बुलाकर जानकारी दी। इसके बाद फोन पर पति से जेवरों के बारे में पूछा।
महिला के मुताबिक, सास ने भी फोन पर बताया कि जेवर विपुल ही लेकर गया है। प्रियंका ने पति से घर लौटने के लिए कहा, लेकिन वह वापस नहीं आया। इसके बाद उन्होंने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पति से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन वह न तो घर आया और न ही थाने पहुंचा।
महिला ने थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पति को थाने बुलाया, लेकिन उसके स्थान पर एक अधिवक्ता पहुंचा। इसके बाद प्रियंका की तहरीर पर रविवार रात पति विपुल अवस्थी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई।
थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

