जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, चार्ज अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
16 से 30 नवंबर तक होगी स्व-गणना, एक दिसंबर से चार जनवरी तक चलेगी जनसंख्या गणना
कानपुर नगर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला, तहसील, नगर निगम जोन, कैंटोनमेंट बोर्ड, नगर पालिका और नगर पंचायतों के चार्ज स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ।
प्रशिक्षण के पहले दिन सहायक निदेशक जनगणना एवं जनपद प्रभारी अधिकारी दिनेश कुमार यादव और सहायक जिला प्रभारी हिमांशु शुक्ला ने अधिकारियों को जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, जिम्मेदारियों और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण में तकनीकी सहायक, जनगणना लिपिक समेत अन्य संबंधित कर्मचारी भी शामिल हुए। सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार से कार्यक्रम का प्रसारण भी किया गया।
बैठक में तहसीलदार, नगर निगम के जोनल अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी और कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को चार्ज स्तर पर तैयारियों, गणना कार्य के संचालन और तय समय-सारिणी के अनुसार दायित्वों के निर्वहन की जानकारी दी गई।
तय कार्यक्रम के अनुसार होगी गणना
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना होगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना कराई जाएगी। पांच से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण का कार्य होगा। जनगणना का संदर्भ समय पांच जनवरी 2027 की रात 12 बजे निर्धारित किया गया है।
प्रशिक्षण का उद्देश्य गणना कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रक्रिया व तकनीकी व्यवस्था से पूरी तरह परिचित कराना है, ताकि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार जनसंख्या गणना का कार्य व्यवस्थित तरीके से पूरा कराया जा सके।

