17 सूत्रीय मांगों को लेकर नगर निगम कर्मचारियों का प्रदर्शन, 15 दिसंबर को लखनऊ में करेंगे घेराव

पुरानी पेंशन बहाली, कैशलेस इलाज और संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग; मोतीझील नगर निगम मुख्यालय में प्रदर्शन कर नगर विकास मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

कानपुर। प्रदेश के शहरी निकायों में कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी 17 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। बुधवार को मोतीझील स्थित नगर निगम मुख्यालय में कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली, कैशलेस इलाज की सुविधा और संविदा व आउटसोर्स कर्मचारियों के नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ उत्तर प्रदेश के बैनर तले कर्मचारियों ने बैठक कर अपनी समस्याएं उठाईं। इसके बाद नगर विकास मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन कार्मिक प्रभारी अनुपम त्रिपाठी को सौंपा।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो 15 दिसंबर को प्रदेशभर के निकाय कर्मचारी लखनऊ पहुंचकर नगर विकास मंत्री के आवास पर प्रदर्शन करेंगे और घेराव करेंगे।

17 सूत्रीय मांगों को लेकर शुरू किया चरणबद्ध आंदोलन

महासंघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष रमेश चंद्र शुक्ल की अध्यक्षता और कमरुद्दीन के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने बताया कि लंबे समय से उनकी मांगें लंबित हैं, लेकिन शासन स्तर पर उनका समाधान नहीं किया जा रहा है। इससे नाराज होकर महासंघ ने चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया है। बुधवार को किया गया प्रदर्शन आंदोलन का दूसरा चरण था।

ज्ञापन के माध्यम से नगर आयुक्त से मांग की गई कि कर्मचारियों की भावनाओं और समस्याओं से नगर विकास मंत्री को अवगत कराया जाए और मांगों के निस्तारण के लिए जल्द पहल की जाए।

कैशलेस इलाज और पुरानी पेंशन सबसे प्रमुख मांग

नगर निगम कर्मचारी यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष कमरुद्दीन ने बताया कि निकाय कर्मचारियों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ दिया जाना चाहिए। इसमें नियमित कर्मचारियों के साथ संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को भी शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सबसे प्रमुख मांग पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली है।

इसके अलावा निकायों में कार्यरत संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों का विनियमितीकरण करने की मांग उठाई गई। कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से काम कर रहे श्रमिकों को ठेका व्यवस्था के भरोसे नहीं छोड़ा जाना चाहिए। आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर कर्मचारियों को उचित वेतन दिया जाए।

74वां संविधान संशोधन पूरी तरह लागू करने की मांग

महासंघ ने कर्मचारियों की सामूहिक बीमा पॉलिसी (जीएसएलआईसी) को दोबारा शुरू करने और उसमें संशोधन करने की मांग भी उठाई। कमरुद्दीन ने बताया कि कर्मचारियों के वेतन से हर महीने 100 रुपये की कटौती होती है, लेकिन सेवानिवृत्ति के समय महज 25 हजार रुपये मिलते हैं। इस राशि में संशोधन कर कर्मचारियों को उचित लाभ दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही 74वें संविधान संशोधन को पूरी तरह लागू करने की मांग की गई।

राज्य कर्मचारी का दर्जा और वेतन विसंगतियां दूर करने की मांग

ज्ञापन में निकाय कर्मचारियों को राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, लिपिक संवर्ग की वेतन विसंगतियां दूर करने और राज्य कर्मचारियों के समान वेतनमान देने की मांग शामिल है। कर्मचारियों ने राज्य वित्त आयोग से मिलने वाली बजट राशि बढ़ाने की भी मांग की।

इसके अलावा वर्ष 2001 तक के दैनिक वेतनभोगी और वर्कचार्ज कर्मचारियों को नियमित करने की मांग उठाई गई। पेंशनर्स की समस्याओं को लेकर भी महासंघ ने आवाज उठाई। सेवानिवृत्त कर्मचारियों से हर महीने जीवित प्रमाणपत्र लेने की व्यवस्था समाप्त कर साल में एक बार प्रमाणपत्र लेने और ऑनलाइन पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई।

15 दिसंबर को लखनऊ में होगा प्रदर्शन

कमरुद्दीन ने कहा कि बुधवार को बैठक और ज्ञापन के माध्यम से आंदोलन के अगले चरण की शुरुआत की गई है। यदि मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो 15 दिसंबर को प्रदेशभर के निकाय कर्मचारी लखनऊ में एकत्र होंगे। वहां नगर विकास मंत्री के आवास पर प्रदर्शन कर मांगों को पूरा करने का दबाव बनाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर आवास का घेराव भी किया जाएगा।

ये लोग रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रांतीय उपाध्यक्ष रमेश चंद्र शुक्ल, सुधाकर मिश्रा, मनीष शुक्ल, धर्मेश मिश्रा, राम अचल, मोहम्मद यूसुफ, रामपाल तिवारी, शैलेंद्र शुक्ला, राजीव तिवारी, घनश्याम कुमार, अतुल पांडेय, महावीर सैनी, धर्मेंद्र पांडेय, अजीत अवस्थी, अवधेश त्रिवेदी, शिवमूरत, महेंद्र मौर्य, महेश पाल, फिरोज अख्तर, अमित कुमार, परशुराम प्रसाद, विश्वनाथ सिंह और राम नारायण समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *