उत्तर-पश्चिमी हवाओं से बढ़ी ठिठुरन, चार दिन में 3.8 डिग्री गिरा रात का पारा

कानपुर। उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं ने शहर में ठंड का असर बढ़ाना शुरू कर दिया है। बीते चार दिनों में रात के तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार सुबह सर्द हवाओं के चलते लोगों को ठिठुरन महसूस होगी। हालांकि, मौसम साफ रहने से दिन चढ़ने के साथ तेज धूप निकलेगी। ऐसे में फिलहाल रातें सर्द और दिन में धूप का असर बना रहेगा।

मौसम के बदलते मिजाज का असर तापमान पर भी दिखाई देने लगा है। 22 नवंबर को शहर का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, 25 नवंबर को अधिकतम तापमान गिरकर 26.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इस तरह चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

आने वाले दिनों में और बढ़ेगी ठंड

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएं पहाड़ों से होकर मैदानी इलाकों में पहुंच रही हैं। इन हवाओं का सिलसिला जारी रहने पर तापमान में और गिरावट आएगी और ठंड का असर बढ़ेगा। अगले 24 घंटे में तापमान और नीचे जाने की संभावना है। दिन में हवा की रफ्तार तीन से पांच किलोमीटर प्रति घंटा और कभी-कभी झोंकों में सात से आठ किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। हवाओं के चलते तेज धूप का असर कुछ कम रहेगा। धूप में गर्मी और छाया में हल्की ठंडक महसूस होगी। आने वाले दिनों में दिन के समय भी सिहरन बढ़ सकती है।

गेहूं की बुआई के लिए अनुकूल मौसम

डॉ. पांडेय ने बताया कि वर्तमान में अधिकतम और न्यूनतम तापमान गेहूं की बुआई के लिए अनुकूल है। किसानों को इस समय बुआई का काम तेजी से पूरा कर लेना चाहिए। आगे न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट में पहुंचने पर अंकुरण प्रभावित होने की आशंका रहती है। जिन खेतों में नमी कम है, वहां किसान पलेवा कर लें। पर्याप्त नमी नहीं होने और दिन में तेज धूप पड़ने से बीजों के अंकुरण के साथ फसल की बढ़वार भी प्रभावित हो सकती है। इसका असर उत्पादन और गुणवत्ता पर पड़ सकता है।

बुधवार को ऐसा रहा मौसम

सीएसए की ओर से जारी मौसम रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसमें 2.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सुबह सर्द हवाओं के साथ हल्की धुंध छाई रही। दोपहर में धूप निकली, जबकि शाम होते ही एक बार फिर ठंड का एहसास बढ़ गया।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *