15 सूत्रीय मांगों को लेकर अधिवक्ताओं की हड़ताल जारी, 10वें सप्ताह भी न्यायिक कार्य ठप

कानपुर। कानपुर कचहरी में 15 सूत्रीय मांगों को लेकर अधिवक्ताओं की साप्ताहिक हड़ताल जारी है। बुधवार को लगातार 10वें सप्ताह अधिवक्ता न्यायिक कार्य से दूर रहे। अधिवक्ताओं ने कचहरी गेट पर धरना दिया और परिसर में घूमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने अन्य अधिवक्ताओं से भी न्यायिक कार्य में शामिल न होने की अपील की। हड़ताल के चलते अदालतों में कामकाज प्रभावित रहा और परिसर में सन्नाटा पसरा रहा।

प्रांतीय सम्मेलन में लिया गया था हड़ताल का निर्णय

बार एसोसिएशन और लायर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 10 और 11 सितंबर को दो दिवसीय प्रांतीय सम्मेलन आयोजित किया गया था। इसमें 15 सूत्रीय मांगों को पूरा कराने के लिए प्रत्येक बुधवार न्यायिक कार्य का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया था। इसी निर्णय के तहत कानपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में अधिवक्ता हर बुधवार हड़ताल कर रहे हैं।

कचहरी में नारेबाजी कर जताया विरोध

बुधवार सुबह से ही बार एसोसिएशन कार्यालय के बाहर अधिवक्ताओं का जुटना शुरू हो गया। उन्होंने ‘अधिवक्ता एकता जिंदाबाद’ और ‘हमारी मांगें पूरी करो’ के नारे लगाए। इसके बाद अलग-अलग समूह बनाकर अदालतों, रजिस्ट्री कार्यालय और तहसील में पहुंचे। अधिवक्ताओं ने अन्य वकीलों से भी न्यायिक कार्य न करने की अपील की।

हड़ताल के चलते टाइपिस्ट, स्टांप वेंडर और फोटोकॉपी की ज्यादातर दुकानें बंद रहीं। अदालतों में कामकाज ठप होने से मुकदमों की सुनवाई और न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हुई। इससे वादकारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन

बार एसोसिएशन के महामंत्री विनय मिश्रा और लायर्स एसोसिएशन के महामंत्री राजीव यादव ने कहा कि आंदोलन को और तेज करने के लिए आगे की रणनीति बनाई जाएगी। विनय मिश्रा ने कहा कि करीब ढाई महीने बीतने के बाद भी प्रदेश सरकार और न्यायिक अधिकारियों ने अधिवक्ताओं की मांगों पर विचार नहीं किया है। जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *