ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के ठेका कर्मचारियों का प्रदर्शन, 750 की जगह 600 रुपये मजदूरी देने का विरोध
नई ठेका कंपनी के खिलाफ की नारेबाजी, पुरानी दर से भुगतान की मांग; बुधवार को सांसद रमेश अवस्थी से भी मिले थे कर्मचारी
कानपुर। अर्मापुर स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री (ओएफसी) के ठेका कर्मचारियों ने मजदूरी घटाने के विरोध में गुरुवार सुबह प्रदर्शन किया। कर्मचारी फैक्ट्री के सामने स्थित पोस्ट ऑफिस के बाहर एकत्र हुए और नई ठेका कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने पहले की तरह 750 रुपये प्रतिदिन मजदूरी दिए जाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि वे कई वर्षों से फैक्ट्री में ठेके पर काम कर रहे हैं। पहले उन्हें 750 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जाता था, लेकिन नई ठेका कंपनी मां संतोषी अब 600 रुपये प्रतिदिन देने की बात कह रही है। इससे प्रत्येक कर्मचारी की मजदूरी में रोजाना 150 रुपये की कमी हो रही है। कर्मचारियों ने पुरानी दर से भुगतान नहीं होने तक विरोध जारी रखने की बात कही।

150 रुपये रोज कम भुगतान करने का विरोध
कर्मचारियों ने बताया कि लंबे समय से फैक्ट्री में काम करने के बावजूद अब उनकी मजदूरी कम की जा रही है। पहले के ठेकेदार की ओर से 750 रुपये प्रतिदिन दिए जाते थे, जबकि नई कंपनी 600 रुपये देने की बात कह रही है। कर्मचारी डमरान ने बताया कि पहले उन्हें 750 रुपये रोज मिलते थे, लेकिन नया ठेकेदार अब 600 रुपये देने की बात कह रहा है। कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें पुरानी दर से ही भुगतान किया जाए।
सांसद से मिलकर भी उठाई थी समस्या
कर्मचारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि वे कई वर्षों से ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में ठेकेदार के अधीन काम कर रहे हैं। पहले से निर्धारित 750 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी के आधार पर ही उन्हें भुगतान किया जाना चाहिए। इस संबंध में बुधवार को सैकड़ों कर्मचारियों ने स्वरूप नगर स्थित आवास पर सांसद रमेश अवस्थी से मुलाकात की थी। कर्मचारियों ने उन्हें अपनी समस्या बताकर पुरानी दर से भुगतान कराने की मांग की थी। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर गुरुवार सुबह कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया।


