स्कूटी रोकने पर वर्तमान और पूर्व पार्षद भिड़े, सड़क पर जमकर मारपीट
14 वर्षीय किशोर को रोकने पर शुरू हुआ विवाद, दोनों पक्षों के समर्थक भी आमने-सामने आए; वीडियो वायरल, थाने में दी तहरीर
कानपुर। कर्नलगंज थाना क्षेत्र में बुधवार शाम स्कूटी चलाने को लेकर वर्तमान और पूर्व पार्षद के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के समर्थक भी मौके पर आमने-सामने आ गए और सड़क पर जमकर हंगामा हुआ। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।

किशोर की स्कूटी रोकने पर शुरू हुआ विवाद
वार्ड 110 के वर्तमान पार्षद मो. नौशाद ने बताया कि बुधवार शाम उनका 14 वर्षीय बेटा स्कूटी लेकर किसी काम से जा रहा था। जनाजे वाली मस्जिद के पास पूर्व पार्षद मुर्सलीन खान उर्फ भोलू ने अपने साथियों के साथ उसकी स्कूटी रोक ली। आरोप है कि इस दौरान बेटे के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की गई। घर पहुंचकर बेटे ने इसकी जानकारी दी। इसके बाद नौशाद पूर्व पार्षद से बात करने पहुंचे। आरोप है कि वहां पूर्व पार्षद और उनके साथियों ने उनके साथ मारपीट की।
पूर्व पार्षद बोले- लहराते हुए चला रहा था स्कूटी
वहीं, पूर्व पार्षद मुर्सलीन खान उर्फ भोलू का कहना है कि किशोर स्कूटी को लहराते हुए चला रहा था। उन्होंने उसे रोककर सही तरीके से स्कूटी चलाने की हिदायत दी थी। उन्हें यह जानकारी भी नहीं थी कि किशोर किसका बेटा है। उनका आरोप है कि इसके बाद पार्षद नौशाद अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
दोनों पक्षों ने दी तहरीर, पुलिस ने शुरू की जांच
कर्नलगंज के कार्यवाहक थाना प्रभारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में स्कूटी चलाने को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, क्षेत्र में इस विवाद को लेकर चुनावी रंजिश की भी चर्चा है। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।


