ब्रजेंद्र स्वरूप पार्क में पांच दिवसीय हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला शुरू, 551 वृक्षों का बच्चों ने किया पूजन
तिरुपति तिरुमला देवस्थानम का श्री वेंकटेश्वर धर्म प्रचार रथ बना आकर्षण, कन्हैया मित्तल की भजन संध्या और अनामिका जैन अम्बर का होगा काव्य पाठ
कानपुर। बेनाझाबर स्थित ब्रजेंद्र स्वरूप पार्क में गुरुवार से पांच दिवसीय हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला-2026 का शुभारंभ हो गया। 30 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता, पारिवारिक संस्कार, प्रकृति संरक्षण और सेवा परंपरा की झलक देखने को मिलेगी। मेले में देशभर के संत-महात्मा, शिक्षाविद, विचारक और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।
मेले का प्रमुख आकर्षण तिरुपति तिरुमला देवस्थानम का श्री वेंकटेश्वर धर्म प्रचार रथ है। इसके माध्यम से भगवान श्री वेंकटेश्वर की धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक संदेश का प्रचार किया जाएगा। पांच दिनों तक धार्मिक अनुष्ठान, संगोष्ठी, भजन संध्या, काव्य पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

551 वृक्षों का बच्चों ने किया पूजन
मेले के पहले दिन गुरुवार सुबह वृक्ष, गो एवं तुलसी वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्रजेंद्र स्वरूप पार्क में बने विशाल पंडाल में 551 थालियां सजाई गईं। स्कूली बच्चों ने मंत्रोच्चारण के साथ वृक्षों का पूजन किया। इससे पहले बच्चों को अध्यात्म, भारतीय परंपरा और जीवन में वृक्षों के महत्व के बारे में बताया गया। आयोजकों ने प्रकृति को पूजनीय मानने की भारतीय परंपरा के माध्यम से नई पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
दोपहर 12:30 बजे विशिष्टजन संगोष्ठी आयोजित हुई। शाम चार बजे सेवा प्रदर्शनी का शुभारंभ और गंगा अवतरणम आरती का आयोजन किया गया। शाम 6:30 बजे कवयित्री अनामिका जैन अम्बर का काव्य पाठ और सांस्कृतिक संध्या प्रस्तावित है।
फिल्म हनुमान अंश के कलाकार भी होंगे शामिल
मेले में फिल्म हनुमान अंश के कलाकार भी शामिल होंगे। वे दर्शकों के साथ फिल्म निर्माण से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगे। इसके अलावा भजन गायक कन्हैया मित्तल की भजन संध्या, अखंड हनुमान चालीसा पाठ और अनन्या सिंह की भजन जेमिंग प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान के राष्ट्रीय संयोजक गुणवंत सिंह कोठारी, मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष राजकुमार लोहिया, सचिव अरविंद दीक्षित और संस्थान अध्यक्ष संजीव दीक्षित ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, संस्कार, परिवार व्यवस्था, प्रकृति संरक्षण, सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।
मेले में स्वामी गोविन्द देव गिरि महाराज, स्वामी ज्ञानानन्द महाराज, स्वामी मिथिलेश नन्दिनी शरण, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले और डॉ. कृष्ण गोपाल सहित कई प्रमुख हस्तियों का आगमन प्रस्तावित है।
पांच दिनों तक होंगे ये प्रमुख आयोजन
27 नवंबर : कन्या वंदन और गीता संगोष्ठी सुबह 10 बजे कन्या वंदन, दोपहर 12:30 बजे श्रीमद्भगवद्गीता पर संगोष्ठी होगी। शाम चार बजे हिंदू सेवा मेले का उद्घाटन होगा, जिसमें आरएसएस के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले शामिल होंगे। शाम 6:30 बजे भजन गायक कन्हैया मित्तल की भजन संध्या होगी।
28 नवंबर : हिंदू समागम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां सुबह 10 बजे आचार्य वंदन कार्यक्रम होगा। इसमें डॉ. सुधांशु त्रिवेदी मुख्य वक्ता रहेंगे। दोपहर 12:30 बजे हिंदू समागम और तीन बजे विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। शाम 6:30 बजे फिल्म हनुमान अंश के कलाकार अपने अनुभव साझा करेंगे। इसके बाद अखंड हनुमान चालीसा पाठ और अनन्या सिंह की भजन जेमिंग प्रस्तुति होगी।
29 नवंबर : मातृ-पितृ वंदन और विराट हिंदू सम्मेलन सुबह 10 बजे मातृ-पितृ वंदन कार्यक्रम होगा। दोपहर दो बजे विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महादेव का सान्निध्य मिलेगा। शाम 6:30 बजे गुरुद्वारा बाबा नामदेव समिति की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
30 नवंबर : परमवीर वंदन के साथ समापन सुबह 10 बजे परमवीर वंदन कार्यक्रम होगा, जिसमें स्वामी गोविन्द देव गिरि महाराज शामिल होंगे। दोपहर 2:30 बजे पुरस्कार वितरण और समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।
सेवा प्रदर्शनी में दिखेंगे सामाजिक संगठनों के कार्य
मेले में विभिन्न सामाजिक और सेवा संगठनों की ओर से प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, संस्कार, सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही गंगा अवतरणम आरती, भजन संध्या, काव्य पाठ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत से लोगों को जोड़ने का प्रयास होगा।
परिवार सहित पहुंचने की अपील
आयोजन समिति ने कानपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से परिवार सहित मेले में पहुंचने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि पांच दिवसीय आयोजन के माध्यम से बच्चों और युवाओं को भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों, प्रकृति संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ सेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को भी प्रमुखता दी जाएगी।


