भारतीयों पर हमले से भड़का भारत, रियाद पर हूती हमले की कड़ी निंदा; सऊदी अरब को दिया समर्थन का भरोसा
नई दिल्ली। सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच बढ़ते तनाव का असर अब वहां रह रहे विदेशी नागरिकों की सुरक्षा पर भी पड़ने लगा है। हाल के दिनों में हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब में किए गए हमलों के बीच मंगलवार को राजधानी रियाद में एक हमले में दो भारतीय नागरिक घायल हो गए। इस घटना पर भारत ने कड़ा रुख अपनाते हुए हमले की निंदा की है और सऊदी अरब के साथ मजबूती से खड़े रहने का भरोसा दिलाया है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि आम नागरिकों को निशाना बनाकर किए जा रहे हमले पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और इन्हें तत्काल रोका जाना चाहिए। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि इस तरह की घटनाओं से निर्दोष लोगों की जान को गंभीर खतरा पैदा होता है। साथ ही ये हमले सऊदी अरब की संप्रभुता का उल्लंघन करने के अलावा पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को भी कमजोर करते हैं। भारत ने सऊदी अरब की सरकार और वहां की जनता के प्रति एकजुटता जाहिर करते हुए उसकी संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपना पूरा समर्थन दोहराया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, रियाद स्थित भारतीय दूतावास हमले में घायल भारतीय नागरिकों और उनके परिजनों के संपर्क में है तथा उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार को रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट स्थित एक टावर को निशाना बनाकर हमला किया गया था। इस घटना में दो भारतीयों समेत कम से कम 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों में सऊदी अरब के दो नागरिक, भारत के दो, नेपाल के तीन और मिस्र के चार नागरिक शामिल हैं। घटना ने क्षेत्र में रह रहे विदेशी कामगारों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। भारत ने इस पूरे घटनाक्रम पर गंभीर चिंता जताते हुए साफ किया है कि नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्रीय शांति बनाए रखना बेहद जरूरी है। सऊदी अरब में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक काम करते हैं और वहां के साथ भारत के महत्वपूर्ण आर्थिक एवं रणनीतिक संबंध हैं। ऐसे में भारतीय नागरिकों पर हमले को लेकर भारत की चिंता स्वाभाविक है। नई दिल्ली ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वह सऊदी अरब की सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के पक्ष में खड़ा है।

रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में हमला
मंगलवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट स्थित एक टावर को निशाना बनाया गया। इस हमले में कम से कम 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों में भारत के दो, सऊदी अरब के दो, नेपाल के तीन और मिस्र के चार नागरिक शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा और विदेशी नागरिकों की सलामती को लेकर चिंता बढ़ गई है।
भारतीय दूतावास घायलों के संपर्क में
हमले में घायल दोनों भारतीय नागरिकों को लेकर रियाद स्थित भारतीय दूतावास सक्रिय है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि दूतावास घायलों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है। भारत ने हमले को आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए तत्काल ऐसे हमले रोकने की मांग की है। साथ ही सऊदी अरब की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के समर्थन की प्रतिबद्धता दोहराई है।

