राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड: फरार आरोपियों के बैंक खाते सीज करने की तैयारी, अतीक कनेक्शन की जांच तेज

कानपुर। राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड में फरार चल रहे आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। आरोपियों को आर्थिक रूप से कमजोर करने के लिए उनके बैंक खाते सीज कराने की तैयारी की जा रही है। जांच में प्रयागराज के माफिया अतीक अहमद से कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस ने पूर्व पार्षद और हिस्ट्रीशीटर मन्नू रहमान के बैंक खातों की पड़ताल शुरू कर दी है। इसके साथ ही अवैध इमारतों के निर्माण में केडीए कर्मचारियों और बिल्डरों के गठजोड़ की भी जांच की जा रही है।

मामले में चार अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। इनमें एक सेवानिवृत्त केडीए कर्मचारी को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया है, जबकि तीन अन्य लोगों को नोटिस देने की तैयारी है।

फरार आरोपियों के खाते सीज कराने की तैयारी

राधिका अपार्टमेंट के फाइनेंसर प्यारे खान के सरेंडर करने की सूचना पर पुलिस ने कोर्ट परिसर में सादे कपड़ों में निगरानी की। हालांकि, सरेंडर अर्जी दाखिल करने के बावजूद प्यारे खान कोर्ट नहीं पहुंचा। पुलिस अब फरार आरोपियों की आर्थिक गतिविधियों पर नजर रख रही है। उनके बैंक खातों को सीज कराने के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।

अतीक का पैसा अवैध इमारतों में लगाने का आरोप

पुलिस की जांच पूर्व पार्षद और हिस्ट्रीशीटर मन्नू रहमान तक पहुंच गई है। पुलिस के मुताबिक, मन्नू के प्रयागराज के माफिया अतीक अहमद से संबंध रहे हैं। आरोप है कि उसने अतीक का पैसा कानपुर की अवैध इमारतों में लगाया है।

एसीपी कोतवाली अमित पांडेय ने बताया कि मन्नू रहमान के बैंक खातों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि अवैध निर्माण में किन लोगों का पैसा लगा है और रकम का लेनदेन किन बैंक खातों के माध्यम से हुआ है।

केडीए कर्मचारी-बिल्डर गठजोड़ की जांच

एसीपी के मुताबिक, जांच में चार अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। इनमें 20 हजार रुपये के इनामी शफीक, एक रिश्तेदार, एक साथी और सेवानिवृत्त केडीए कर्मचारी शिवशंकर शामिल हैं। आरोप है कि ये लोग केडीए कर्मचारियों और बिल्डरों के साथ मिलकर अवैध इमारतों का निर्माण कराते थे।

सेवानिवृत्त केडीए कर्मचारी शिवशंकर को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया है। बाकी तीन लोगों को भी नोटिस देने की तैयारी है। पुलिस इनके बिल्डरों से गठजोड़ और अवैध निर्माण में भूमिका से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है।

16 नवंबर को शॉर्ट सर्किट से लगी थी आग, दो की मौत

फीलखाना क्षेत्र की संकरी गली में बने छह मंजिला राधिका अपार्टमेंट में 16 नवंबर की तड़के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। अपार्टमेंट के 12 फ्लैट फ्लोर के हिसाब से 15 से 19 लाख रुपये में बेचे गए थे। इमारत में न तो आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम थे और न ही बाहर निकलने के लिए कोई दूसरा सुरक्षित रास्ता था। आग में परिसर में खड़े 11 दोपहिया वाहन जल गए थे। बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिलने पर तीसरी मंजिल पर रहने वाली राखी साहू की बालकनी से उतरते समय गिरकर मौत हो गई थी। वहीं, किशोर प्रांजल बाथम ने धुएं में दम घुटने से दम तोड़ दिया था।

प्रांजल के पिता अनिल बाथम की तहरीर पर फीलखाना पुलिस ने बिल्डर मोहित तिवारी, पूर्व पार्षद मन्नू रहमान, सरबजीत कौर, प्यारे खान और शफीक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस मोहित तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि बाकी चार आरोपियों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *