कानपुर में सुबह धुंध, दोपहर में धूप; 15 नवंबर के बाद बदल सकता है मौसम
अगले 24 घंटे बारिश के आसार नहीं, दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड रहेगी; प्रदूषण बढ़ाएगा परेशानी, AQI 242 तक पहुंचने का अनुमान
कानपुर। दीपावली के बाद बढ़े प्रदूषण के बीच शहर में मौसम का मिजाज भी बदलने लगा है। शुक्रवार सुबह धुंध छाई रही, जबकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हुआ और धूप निकल आई। तेज धूप के कारण दोपहर में गर्मी का अहसास हो रहा है, वहीं सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, फिलहाल अगले 24 घंटे तक कानपुर में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दूसरी ओर, शहर की हवा की गुणवत्ता भी चिंता बढ़ा रही है। शुक्रवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 242 तक पहुंचने का अनुमान है।
बारिश की कोई संभावना नहीं
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। उत्तर-पश्चिमी हवाएं रात के तापमान को नियंत्रित कर रही हैं, जिससे रात में हल्की ठंड महसूस हो रही है। वहीं, दिन में तेज धूप के कारण तापमान सामान्य रूप से गर्म बना हुआ है। यही वजह है कि सुबह और रात में हल्की सर्दी, जबकि दोपहर में गर्मी का अहसास हो रहा है।
15 नवंबर के बाद बदल सकता है मौसम
डॉ. पांडेय के मुताबिक, देश के अलग-अलग हिस्सों में इस समय कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हो रहे हैं। इनमें पश्चिमी विक्षोभ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन, लो प्रेशर एरिया और टर्फ लाइन शामिल हैं। इनके प्रभाव से अरब सागर समेत अन्य क्षेत्रों से नमी वाली हवाएं उत्तर भारत की ओर आ सकती हैं।
इसके चलते पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और पंजाब, हरियाणा तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी के आसार भी बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर के बाद इन मौसमी सिस्टम का असर उत्तर भारत के मौसम पर दिखाई दे सकता है। बादल छाने की स्थिति में रात का तापमान बढ़ सकता है, जिससे ठंड का असर कुछ कम हो जाएगा। फिलहाल कानपुर मंडल और बुंदेलखंड में दिन गर्म तथा रातें ठंडी बनी रहेंगी।
प्रदूषण बढ़ाएगा परेशानी, AQI 242 तक पहुंचने का अनुमान
मौसम के साथ शहर की हवा की गुणवत्ता भी चिंता बढ़ा रही है। पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को कानपुर का एक्यूआई करीब 242 रह सकता है, जबकि गुरुवार को यह लगभग 235 दर्ज किया गया था। यानी हवा की गुणवत्ता में और गिरावट आने के संकेत हैं।
हवा में पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे सूक्ष्म कणों की अधिकता लोगों के स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है। ये कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंचकर परेशानी पैदा कर सकते हैं। इस स्तर के प्रदूषण में बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा व हृदय रोग से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। स्वस्थ लोगों को भी लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से सांस लेने में परेशानी और गले में खराश हो सकती है।
प्रदूषण से बचने के लिए बरतें सावधानी
विशेषज्ञों के मुताबिक, सुबह और देर रात धुंध के साथ प्रदूषण का असर अधिक महसूस हो सकता है। ऐसे में खुले में टहलने और व्यायाम करने से बचें। जरूरी होने पर घर से बाहर निकलते समय एन-95 मास्क का इस्तेमाल करें। प्रदूषण बढ़ने पर घर की खिड़कियां बंद रखें और संभव हो तो एयर प्यूरीफायर का उपयोग करें। बच्चों और बुजुर्गों को लंबे समय तक खुले वातावरण में रहने से बचाना चाहिए।


