कानपुर चिड़ियाघर में सर्दियों का मेन्यू बदला, शेर-बाघ को अब 9 किलो तक मीट

कानपुर चिड़ियाघर में सर्दियों का मेन्यू बदला, शेर-बाघ को अब 9 किलो तक मीट

भालुओं की खुराक में शहद शामिल, पक्षियों को रोजाना उबला अंडा; हिरन, जेब्रा और बारासिंघा को गुड़-चना

कानपुर। सर्दियों की शुरुआत होते ही कानपुर चिड़ियाघर में वन्यजीवों के खानपान में बदलाव कर दिया गया है। ठंड से बचाव और शरीर को पर्याप्त ऊर्जा व पोषण देने के लिए पक्षियों से लेकर शाकाहारी और मांसाहारी जानवरों तक की डाइट बढ़ाई और बदली गई है। अब पक्षियों को रोजाना उबला अंडा दिया जा रहा है, तो भालुओं की खुराक में शहद शामिल किया गया है। वहीं, शेर और बाघ को अब रोजाना नौ किलो तक मीट दिया जा रहा है। हिरन, जेब्रा और बारासिंघा को गुड़ और चना खिलाया जा रहा है।

चिड़ियाघर प्रशासन ने एक नवंबर से नया डाइट प्लान लागू करना शुरू किया था। मौसम में ठंड बढ़ने के साथ वन्यजीवों के खानपान की मात्रा और पोषण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जू के पशु चिकित्सक डॉ. नासिर के मुताबिक, सर्दियों में जानवरों की जरूरत के अनुसार उनकी डाइट में बदलाव किया गया है। जू डायरेक्टर कन्हैया पटेल के निर्देश पर यह व्यवस्था लागू की गई है।

पक्षियों को अंडा, मूंगफली और अखरोट

कानपुर चिड़ियाघर के पशु चिकित्सक डॉ. नासिर ने बताया कि सर्दियों में पक्षियों को नियमित दाने और भोजन के साथ उबला अंडा दिया जा रहा है। कोशिश है कि प्रत्येक पक्षी को रोजाना एक उबला अंडा मिले। इसके अलावा मूंगफली और अखरोट भी उनकी डाइट में शामिल किए गए हैं। गोल्डन फीजेंट, लेडी एमहर्स्ट फीजेंट और चीन की प्रजातियों के पक्षियों समेत अन्य पक्षियों के भोजन में बदलाव किया गया है। इसका उद्देश्य उन्हें ठंड के मौसम में अतिरिक्त पोषण और ऊर्जा देना है।

भालुओं को रोजाना 200 ग्राम तक शहद

सर्दियों में भालुओं की डाइट में भी शहद शामिल किया गया है। डॉ. नासिर के मुताबिक, एक भालू को सुबह और शाम मिलाकर रोजाना 150 से 200 ग्राम तक शहद दिया जा रहा है। कानपुर चिड़ियाघर में मौजूदा समय में तीन भालू हैं। मौसम के हिसाब से उनकी खुराक में यह बदलाव किया गया है।

शेर-बाघ का मीट 5 से बढ़ाकर 9 किलो

मांसाहारी वन्यजीवों के भोजन की मात्रा भी बढ़ाई गई है। पहले शेर और बाघ को रोजाना पांच से सात किलो मीट दिया जा रहा था, जिसे बढ़ाकर अब नौ किलो तक कर दिया गया है। वहीं, तेंदुए की डाइट में भी एक किलो मीट बढ़ाया गया है। पहले उसे रोजाना तीन किलो मीट मिलता था, अब चार किलो दिया जा रहा है।

गिद्ध को मीट के साथ कैल्शियम-विटामिन

गिद्ध के खानपान में भी पोषण का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उसे रोजाना करीब सवा किलो मीट दिया जा रहा है। मीट के साथ कैल्शियम और विटामिन का मिश्रण भी शामिल किया गया है, ताकि ठंड के मौसम में उसे जरूरी पोषक तत्व मिल सकें।

हिरन को गुड़-चना, दाने की मात्रा भी बढ़ाई

शाकाहारी वन्यजीवों की डाइट में भी बदलाव किया गया है। हिरन, जेब्रा और बारासिंघा को नियमित भोजन के साथ गुड़ और चना दिया जा रहा है। हिरन को पहले रोजाना 600 ग्राम दाना मिलता था, जिसे बढ़ाकर अब 700 ग्राम प्रति हिरन कर दिया गया है।

डॉ. नासिर ने बताया कि सर्दियों में एहतियात के तौर पर सभी वन्यजीवों के खानपान और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। तापमान में गिरावट और जानवरों की जरूरत के अनुसार आगे भी डाइट में बदलाव किए जाएंगे।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *