मेफेड्रोन तस्करी का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला, खय्याम पर जल्द घोषित होगा इनाम

मेफेड्रोन तस्करी का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला, खय्याम पर जल्द घोषित होगा इनाम

रिजवान के मोबाइल में मिले ड्रग्स और केमिकल सप्लाई के सुराग, बाराबंकी के ‘चाचा’ की तलाश; एसी कोच से कानपुर पहुंचते ही सर्विलांस की मदद से पकड़ा गया था

कानपुर। मेफेड्रोन ड्रग्स की तस्करी करने वाले रिजवान अहमद का नेटवर्क उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में फैला था। पुलिस के मुताबिक, वह उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में लग्जरी कारों से ड्रग्स की सप्लाई करता था। तस्करी से उसने करोड़ों रुपये की संपत्ति जुटाई। उसके पास रेंज रोवर, फॉर्च्यूनर और वरना जैसी लग्जरी गाड़ियां मिली हैं। इन गाड़ियों का इस्तेमाल वह इसलिए करता था, ताकि महंगी कार देखकर पुलिस उसे आसानी से न रोके। पुलिस को उसके मोबाइल फोन से कई अहम साक्ष्य मिले हैं। हालांकि, वह मैसेज और कॉल डिटेल हिस्ट्री डिलीट करता रहता था। पुलिस अब डिलीट डाटा रिकवर करने के साथ उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।

उरई में मेफेड्रोन बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ होने के बाद रिजवान मुंबई भाग गया था। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। इस बीच उसने मोबाइल फोन बंद कर लिया। पुलिस ने उसका फोन सर्विलांस पर लगा रखा था। कुछ समय बाद उसे लगा कि मामला शांत हो गया है तो वह एसी कोच में सवार होकर कानपुर लौटने लगा। ट्रेन जब गोविंदपुरी आउटर के पास पहुंची तो उसने मोबाइल ऑन कर घरवालों को फोन किया और कहा, ‘कानपुर पहुंच गया हूं, गाड़ी भेजो।’ कॉल के बाद सर्विलांस से उसकी लोकेशन ट्रेस हो गई और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

तस्करी से जुटाई करोड़ों की संपत्ति

फजलगंज पुलिस ने मंगलवार देर रात गोविंदपुरी रेलवे लाइन के किनारे बाबूपुरवा के मुंशीपुरवा निवासी रिजवान अहमद को गिरफ्तार किया था। उसके पास से 50 ग्राम मेफेड्रोन ड्रग्स बरामद हुई थी। जांच में पुलिस को पता चला कि 29 अक्टूबर को जालौन के ऐरी रमपुरा गांव में पकड़ी गई ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री से उसका सीधा संबंध था।

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि इस गिरोह का सरगना मुंबई के खयामुद्दीन उर्फ खय्याम सैयद है। वह मुंबई के धारावी में रहता है। रिजवान खुद को खय्याम का ड्राइवर बताता था। पुलिस के मुताबिक, उसने ड्रग्स तस्करी से करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है। उसके पास रेंज रोवर, वरना और फॉर्च्यूनर जैसी गाड़ियां मिली हैं। महाराष्ट्र नंबर की फॉर्च्यूनर समेत अन्य कारों का इस्तेमाल ड्रग्स सप्लाई में किया जाता था।

 खय्याम पर जल्द घोषित होगा इनाम

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गिरोह के सरगना खयामुद्दीन की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। उसके खिलाफ जल्द ही इनाम घोषित किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक, रिजवान ने लग्जरी कारों से उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में ड्रग्स सप्लाई की थी। मोबाइल फोन की जांच में पता चला कि वह मैसेज और कॉल डिटेल हिस्ट्री डिलीट करता रहता था, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिले। हालांकि, जांच के दौरान उसके खिलाफ कई अहम साक्ष्य मिले हैं।

 बाराबंकी के ‘चाचा’ की तलाश में पुलिस

रिजवान के मोबाइल में बाराबंकी के एक व्यक्ति का नंबर ‘चाचा’ नाम से सेव मिला है। दो नवंबर को उसके व्हाट्सएप पर अल्प्राजोलम टैबलेट की विश्लेषण रिपोर्ट भेजी गई थी। रिपोर्ट में अल्प्राजोलम के ड्रग में 82 प्रतिशत तक इस्तेमाल की जानकारी दी गई थी। इसके अलावा नई दिल्ली और गुजरात की ट्रांसपोर्ट कंपनियों से मेफेड्रोन बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल मंगवाने के बिल भी व्हाट्सएप पर भेजे गए थे।

पुलिस इन दस्तावेजों और मोबाइल चैट के आधार पर केमिकल सप्लाई के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। रिजवान से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बाराबंकी और फर्रुखाबाद में भी छापेमारी की, लेकिन फिलहाल कोई सफलता नहीं मिली। अब पुलिस ‘चाचा’ की पहचान और केमिकल सप्लाई में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *