सुखवासा देवी इंटर कॉलेज में धूमधाम से मना बाल दिवस, प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

बिधनू। विकासखंड बिधनू स्थित सुखवासा देवी इंटर कॉलेज में शनिवार को बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में रंगोली, सुलेख, रस्साकशी और दौड़ समेत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम प्रधानाचार्य विनोद कुमार अग्निहोत्री की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा दिखाई। वहीं सुलेख प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सुंदर लेखन का प्रदर्शन किया। रस्साकशी और दौड़ प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य विनोद कुमार अग्निहोत्री ने प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रबंधक केशव चंद्र पांडेय ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान देने के साथ उनकी छिपी प्रतिभा को निखारना भी है। इसके लिए विद्यालय में समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाती हैं, ताकि बच्चे शिक्षा के साथ खेल, कला और संस्कारों के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं और उनकी प्रतिभा को सही दिशा देना सभी की जिम्मेदारी है।


