होमगार्ड भर्ती मेडिकल वसूली में नया मोड़, मेडिकल स्टोर संचालक के खाते में भेजे थे 2.50 लाख रुपये

होमगार्ड भर्ती मेडिकल वसूली में नया मोड़, मेडिकल स्टोर संचालक के खाते में भेजे थे 2.50 लाख रुपये

कानपुर। पुलिस लाइन में होमगार्ड भर्ती के मेडिकल परीक्षण के नाम पर अभ्यर्थियों से वसूली के मामले में नया मोड़ आया है। आरोपी डॉक्टर प्रवीण कुमार ने वसूली की रकम बिरहाना रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर संचालक सुजीत के खाते में ट्रांसफर की थी। घटना के दो दिन बाद जेल भेजने का डर दिखाए जाने पर मेडिकल स्टोर संचालक ने अभ्यर्थियों के खातों में करीब 2.50 लाख रुपये वापस कर दिए। संचालक का कहना है कि उसे मेडिकल परीक्षण में हुई धांधली और वसूली की जानकारी नहीं थी। उसने रकम वापस करने से संबंधित ट्रांजेक्शन की जानकारी भी पुलिस को सौंपी है।

पुलिस लाइन में 15 अक्टूबर को होमगार्ड भर्ती के लिए अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच और मेडिकल परीक्षण किया जा रहा था। पहले दिन करीब 200 अभ्यर्थियों को मेडिकल चेकअप के लिए बुलाया गया था। इसके लिए सीएमओ की ओर से चार सदस्यीय डॉक्टरों के दो पैनल गठित किए गए थे। इनमें डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. महेश द्विवेदी और डॉ. देवेंद्र सिंह राजपूत भी अभ्यर्थियों का चिकित्सकीय परीक्षण कर रहे थे।

आरोप है कि रात करीब आठ बजे कुछ अभ्यर्थियों ने डॉक्टरों पर नाक टेढ़ी और आंखों में दिक्कत बताकर मेडिकल में पास कराने के नाम पर रुपये मांगने का आरोप लगाया। इसको लेकर अभ्यर्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद डॉ. प्रवीण के ड्राइवर अजीत की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

मामले में होमगार्ड इंस्पेक्टर सुधांशु सिंह की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अजीत कुमार, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. महेश कुमार द्विवेदी, डॉ. देवेंद्र सिंह राजपूत और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने डॉ. प्रवीण कुमार और डॉ. महेश कुमार द्विवेदी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले की जांच एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय कर रहे हैं।

तीन खातों में ट्रांसफर हुई थी रकम

एसीपी के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया था कि मेडिकल परीक्षण में पास और फेल कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से ऑनलाइन और नकद रुपये वसूले जाने के आरोप हैं। ड्राइवर अजीत, मेडिकल स्टोर संचालक सुजीत और शुक्लागंज निवासी दुकानदार प्रथम कुमार के खातों में रकम ट्रांसफर की गई थी। अभ्यर्थियों ने सबसे ज्यादा यूपीआई ट्रांजेक्शन भारतीय स्टेट बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के खातों में किए थे। इन लेनदेन की जांच के लिए बैंकों को पत्र भेजा गया है। पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक और दुकानदार को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया था।

छह अभ्यर्थियों के खातों में लौटाए रुपये

एसीपी ने बताया कि मेडिकल स्टोर संचालक सुजीत ने अपने बयान दर्ज कराए हैं। उसने बताया कि डॉ. प्रवीण कुमार ने उसके खाते में करीब 2.50 लाख रुपये ट्रांसफर कराए थे। उसे इस रकम के पीछे होमगार्ड भर्ती मेडिकल में हुई कथित वसूली की जानकारी नहीं थी। सुजीत के मुताबिक, मामले की जानकारी होने के बाद उसने 17 अक्टूबर को जिन करीब आधा दर्जन लोगों के खातों से रकम आई थी, उन्हीं के खातों में कुल 2.50 लाख रुपये वापस कर दिए। उसने रकम वापसी की ट्रांजेक्शन डिटेल भी पुलिस को सौंपी है।

वहीं, शुक्लागंज निवासी दुकानदार प्रथम कुमार अभी तक बयान दर्ज कराने नहीं पहुंचा है। एसीपी ने बताया कि बैंक खातों की लेनदेन संबंधी जानकारी खंगाली जा रही है। प्रथम कुमार को बयान दर्ज कराने के लिए दोबारा नोटिस जारी किया जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *