कानपुर में दिन में धूप, सुबह-शाम हल्की ठंड; 15 नवंबर के बाद बदल सकता है मौसम
अगले 24 घंटे बारिश के आसार नहीं, दिन के तापमान में होगी मामूली बढ़ोतरी; पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का दिख सकता है असर
कानपुर। नवंबर में मौसम का मिजाज फिलहाल मिला-जुला बना हुआ है। दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी का एहसास हो रहा है, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंडक बनी हुई है। गुरुवार को आसमान साफ रहने और दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने का अनुमान है। हालांकि, रात में ठंड का असर बरकरार रहेगा। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन 15 नवंबर के बाद मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से बादल छाने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
ऊंचाई पर बन सकते हैं बादल
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि गुरुवार को मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है। दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात का मौसम सामान्य और हल्की ठंड वाला रहेगा। साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से ऊंचाई पर बादल बन सकते हैं। इससे कुछ स्थानों पर तापमान में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। अगले 24 घंटे के दौरान बारिश की कोई गतिविधि होने की संभावना नहीं है।
15 नवंबर के बाद दिख सकता है मौसमी प्रणालियों का असर
डॉ. पांडेय के मुताबिक, देश में इस समय कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं। इनमें पश्चिमी विक्षोभ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन, ट्रफ लाइन और बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र शामिल है। 15 नवंबर के बाद इन प्रणालियों के आगे बढ़ने पर कैस्पियन सागर, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी आने की संभावना है। इसके प्रभाव से कानपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में बादल छा सकते हैं। कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।
सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा अधिकतम तापमान
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) की ओर से बुधवार को जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह और शाम ठंडी हवाओं के कारण हल्की सर्दी महसूस हुई, जबकि दोपहर में तेज धूप ने गर्मी का एहसास कराया। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक मौसम में इसी तरह उतार-चढ़ाव बने रहने का अनुमान है।


