कानपुर में मौसम के दो रंग, सुबह-शाम गुलाबी ठंड तो दोपहर में तेज धूप; 15 डिग्री तक पहुंचेगा पारा

दीपावली के बाद पटाखों के धुएं से हवा भी खराब, एक्यूआई 225 से 300 के बीच; सांस और आंखों में जलन की शिकायत

AQI Crosses 230 | Health Alert Mask Mandatory for Residents

कानपुर। नवंबर में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। सुबह और शाम सर्द हवाओं के चलते लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है, जबकि दोपहर में तेज धूप गर्मी का अहसास करा रही है। बुधवार सुबह भी सर्द हवाओं के साथ हल्की धुंध छाई रही। रात और सुबह के तापमान में गिरावट के चलते गुलाबी ठंड महसूस की गई। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप तेज होने और तापमान बढ़ने से मौसम गर्म हो जाएगा।

शाम के बाद फिर बढ़ेगी ठंडक

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बुधवार को मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह के समय ठंडक महसूस होगी, जबकि दोपहर में तेज धूप निकलेगी। शाम करीब 5:30 बजे के बाद तापमान में गिरावट शुरू होने से ठंडक बढ़ने लगेगी। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।

पटाखों के धुएं से बिगड़ी शहर की हवा

दीपावली के बाद पटाखों से निकले धुएं का असर शहर की हवा पर दिखाई दे रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की रिपोर्ट के अनुसार, शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 225 से 300 के बीच बना हुआ है। इसके चलते वातावरण में धुंध छाई हुई है। लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन की शिकायत हो रही है।

हैलट अस्पताल के एसआईसी डॉ. सौरभ अग्रवाल ने बताया कि वातावरण में धुंध और प्रदूषण अधिक होने पर लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। बाहर निकलते समय मास्क का इस्तेमाल करें। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को सुबह और शाम प्रदूषित वातावरण में जाने से बचना चाहिए।

दोपहर में धूप से चढ़ा पारा

सीएसए की ओर से मंगलवार को जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार, अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक था। सुबह और शाम सर्द हवाओं के चलते ठंडक रही, जबकि दोपहर में तेज धूप के कारण तापमान बढ़ने से गर्मी का एहसास हुआ। फिलहाल मौसम में इसी तरह उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *