ककवन में मोबाइल दुकानदार पर आधा दर्जन लोगों ने रॉड और फरसे से किया हमला

ककवन में मोबाइल दुकानदार पर आधा दर्जन लोगों ने रॉड और फरसे से किया हमला

कानपुर। ककवन थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह पांड नदी पुल के पास बाइक सवार मोबाइल दुकानदार पर हमला कर दिया गया। पीछे से आई वैगनआर कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दुकानदार बाइक समेत सड़क पर गिरकर करीब तीन-चार फीट दूर जा गिरे। आरोप है कि कार से उतरे गांव के ही शनि उर्फ शिवम समेत करीब आधा दर्जन लोगों ने उन्हें घेर लिया और लोहे की रॉड व फरसे से हमला कर दिया। इस दौरान एक हमलावर ने तमंचे से फायर करने का प्रयास किया, लेकिन दुकानदार ने तमंचा पकड़ लिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो हमलावर भाग निकले।

कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के बांसखेड़ा पलिया निवासी अंकित तिवारी ककवन कस्बे में मोबाइल की दुकान चलाते हैं। शनिवार सुबह वह बाइक से दुकान जा रहे थे। इसी दौरान पांड नदी पुल के पास पीछे से आई वैगनआर कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अंकित बाइक समेत सड़क पर गिरकर दूर जा गिरे। इससे पहले कि वह संभल पाते, कार से उतरे करीब आधा दर्जन लोगों ने उन्हें घेर लिया।

आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड और फरसे से अंकित पर कई वार किए। इसी बीच एक हमलावर ने तमंचा निकालकर गोली चलाने का प्रयास किया। अंकित ने तमंचा पकड़ लिया, जिससे आरोपी फायर नहीं कर सका। हमले के दौरान उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख हमलावर मौके से भाग निकले।

अंकित के मुताबिक, गांव निवासी शनि उर्फ शिवम से करीब दो-तीन महीने पहले विवाद हुआ था। इसके बाद से वह उनसे रंजिश मानने लगा और कई बार फोन पर जान से मारने की धमकी भी दे चुका था। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसी पुरानी रंजिश के चलते कार से टक्कर मारकर उन पर हमला किया गया।

घटना के बाद घायल अंकित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *