जुए में 20 हजार रुपये जीतने के बाद युवक की ईंट से कुचलकर हत्या, घर के बाहर मिला खून से लथपथ शव

जुए में 20 हजार रुपये जीतने के बाद युवक की ईंट से कुचलकर हत्या, घर के बाहर मिला खून से लथपथ शव

भाई पर हत्या का संदेह, वारदात के बाद से लापता; घर में मिले खून के निशान वाले कपड़े, पुलिस ने गठित की तीन टीमें

कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र के कटरा भैसोर गांव में जुए में 20 हजार रुपये जीतने के बाद 32 वर्षीय युवक की ईंट से सिर और चेहरा कुचलकर नृशंस हत्या कर दी गई। शुक्रवार देर रात हुई वारदात के बाद युवक का शव घर के बाहर बरामदे में पड़ा रहा। शनिवार सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर सचेंडी पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड मौके पर पहुंचा। डीसीपी वेस्ट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर हत्याकांड के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की हैं।

सुबह बहन के फोन करने पर खुला हत्याकांड

कटरा भैसोर गांव निवासी सोनू मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में उनकी वृद्ध मां रामजानकी और मानसिक रूप से अस्वस्थ बड़े भाई मिंचू हैं। चार बहनों की शादी हो चुकी है। मां रामजानकी करीब एक महीने से घाटमपुर में अपनी बड़ी बेटी की ससुराल में रह रही हैं। शुक्रवार रात सोनू घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे, जबकि उनका बड़ा भाई घर के अंदर कमरे में था। इसी दौरान सोनू की ईंट से सिर और चेहरा कुचलकर हत्या कर दी गई। घर के अंदर मौजूद भाई को वारदात की भनक तक नहीं लगी।

शनिवार सुबह सोनू की बहन ने उन्हें फोन किया, लेकिन कई बार कॉल करने के बाद भी जवाब नहीं मिला। इस पर उसने पड़ोस में रहने वाले चचेरे भाई को घर जाकर देखने के लिए कहा। चचेरा भाई घर पहुंचा तो बाहर बरामदे में सोनू का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। यह देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल परिवार और गांव के लोगों को सूचना दी। इसके बाद सचेंडी पुलिस को जानकारी दी गई।

घर के पास मिली हत्या में इस्तेमाल ईंट

हत्या की सूचना पर सचेंडी पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड मौके पर पहुंचा। डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि सोनू के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से कई वार किए गए थे। पुलिस को घर के पास ही हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट बरामद हुई है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल और आसपास से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

हत्या के बाद से लापता भाई पर संदेह

पुलिस की जांच में मृतक का बड़ा भाई मिंचू भी संदेह के घेरे में है। वारदात के बाद से वह लापता है। पुलिस के मुताबिक, मिंचू मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जाता है। घर पर तीन ताले लगे मिले हैं। बताया गया कि वह आमतौर पर साइकिल से जाता था, लेकिन इस बार पैदल ही घर से निकला। घर के बाहर रस्सी पर धुले हुए कपड़े भी मिले, जिन पर खून के धब्बे पाए गए हैं। पुलिस इन कपड़ों को जांच का हिस्सा बना रही है।

जुए में 20 हजार रुपये जीतने की भी जांच

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि सोनू ने जुए में 20 हजार रुपये जीते थे। पुलिस इस जानकारी को भी हत्या की वजह से जोड़कर जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक जुए में जीती गई रकम और हत्या के बीच कोई सीधा संबंध स्थापित नहीं हुआ है। डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि हत्या के खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *