गाजियाबाद के थाने में युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस के सामने सीने पर किया वार; आरोपी गिरफ्तार
भैया दूज मनाकर घर लौटा था आयुष, विवाद के बाद पुलिस पकड़कर लाई थी थाने; छोटे भाई ने पुलिस पर लगाए एकतरफा कार्रवाई के आरोप
गाजियाबाद। विजयनगर थाने के अंदर बुधवार शाम एक 20 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। युवक को पुलिस विवाद के बाद पकड़कर थाने लाई थी। इसी दौरान थाने में मौजूद दूसरे युवक ने उसके सीने पर चाकू से वार कर दिया। खून से लथपथ होकर आयुष जमीन पर गिर पड़ा। पुलिसकर्मी उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। घटना के बाद थाने की सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
सर्वोदय नगर निवासी यशपाल का बेटा आयुष नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करता था। बुधवार को भैया दूज का त्योहार मनाकर वह घर लौटा था। शाम करीब छह बजे घर के बाहर चरण सिंह कॉलोनी निवासी सोनू अपने साथियों के साथ पहुंचा। आरोप है कि सोनू और उसके साथियों ने आयुष को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर सोनू के कुछ साथी वहां से भाग निकले। पुलिस आयुष और सोनू को पकड़कर थाने ले आई। इस बीच आयुष के परिजन भी पीछे-पीछे थाने पहुंच गए। आरोप है कि थाने के अंदर पहुंचते ही सोनू ने आयुष के सीने पर चाकू से वार कर दिया। अचानक हुए हमले से थाने में अफरा-तफरी मच गई। आयुष खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिसकर्मी उसे अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
भाई बोला- छह नवंबर को भी आरोपियों ने की थी मारपीट
आयुष के छोटे भाई अमन ने बताया कि छह नवंबर को धनतेरस के दिन भी आरोपियों ने उसके भाई के साथ मारपीट की थी। उस दिन वह अपने भाई के साथ ड्यूटी पर जा रहा था। रास्ते में आरोपियों ने दोनों भाइयों को घेरकर मारपीट की और बाद में खुद ही पुलिस बुला ली। अमन के मुताबिक, मौके पर पहुंची पुलिस आयुष को जीप में बैठाकर थाने ले गई थी। उसने दूसरे पक्ष के लोगों को भी पकड़ने की मांग की तो पुलिसकर्मियों ने उसके साथ भी मारपीट की।
अमन का आरोप है कि परिवार के लोग बाद में आयुष को थाने से छुड़ाकर घर ले आए थे। इसके बाद पुलिस से शिकायत भी की गई, लेकिन पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए आयुष को ही जेल भेज दिया था। अमन ने बताया कि पुराने विवाद के बाद से सोनू लगातार उसके भाई को जान से मारने की धमकी दे रहा था।
थाने में चाकू कैसे पहुंचा, पुलिस की भूमिका की जांच
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस हिरासत में थाने लाए गए युवक पर हमला करने के लिए आरोपी के पास चाकू कहां से आया और थाने के अंदर तलाशी की क्या व्यवस्था थी? पुलिस की मौजूदगी में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम और पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कराई जा रही है।
एसीपी कोतवाली उपासना पांडे ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी सोनू को हिरासत में लिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि दो युवकों के बीच विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को थाने लेकर आई थी। अभी तक की जांच में यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि चाकू लगने से ही युवक की मौत हुई है। सीने पर एक छोटा निशान मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने बताया कि आयुष का छह नवंबर को हुआ विवाद दूसरे युवकों से था। पूरे मामले में पुलिस की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


