सुनसान मैदान में मिला युवक का कुचला हुआ शव, ईंट-पत्थरों से वार कर हत्या की आशंका

चकेरी के टटीयन गांव में सुबह साढ़े आठ बजे मिली लाश, पहचान छिपाने के लिए चेहरा और सिर कुचलने की आशंका; फॉरेंसिक टीम ने खून से सनी ईंट कब्जे में ली

कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के टटीयन गांव में शुक्रवार सुबह एक युवक की हत्या कर शव सुनसान मैदान में फेंके जाने का मामला सामने आया। युवक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। सिर और चेहरा ईंट-पत्थरों से बुरी तरह कुचला हुआ था। सुबह करीब साढ़े आठ बजे ग्रामीणों ने मैदान में शव पड़ा देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर चकेरी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से खून से सनी ईंट समेत कई साक्ष्य जुटाए गए। समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।

प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक की कहीं और या इसी मैदान में हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के इरादे से उसका चेहरा और सिर ईंट-पत्थरों से कुचल दिया गया। शव की हालत देखकर पुलिस हत्या के पहलू पर जांच कर रही है। हालांकि, वारदात कहां और किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

खून से सनी ईंट और अन्य साक्ष्य जुटाए

शव मिलने की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसके बाद फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने मैदान का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम को मौके से खून से सनी ईंट और अन्य अहम साक्ष्य मिले, जिन्हें कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस आसपास के रास्तों और इलाके में युवक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक वहां कब और किन लोगों के साथ पहुंचा था।

मैदान में जुआ होने की ग्रामीणों ने की शिकायत

स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस खाली मैदान में युवक का शव मिला है, वहां अक्सर जुआ खेलने वालों और संदिग्ध लोगों का जमावड़ा रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि मैदान में जुए के साथ अन्य संदिग्ध गतिविधियां भी होती हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि हत्या के पीछे जुए के दौरान हुआ विवाद या पुरानी रंजिश हो सकती है। हालांकि, अभी तक इस आशंका की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

चकेरी एसीपी आशुतोष सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने खून से सनी ईंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। हत्या से जुड़े सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *