सीएसजेएमयू में गूंजेंगे गीता के उपदेश, कृष्ण-अर्जुन के रथ की बनेगी भव्य प्रतिमा
हेलिपैड तिराहे पर इस्कॉन के सहयोग से तैयार हो रही प्रतिमा; सुबह-शाम प्रसारित होगा गीता का सार, विद्यार्थियों को कर्म और कर्तव्य की मिलेगी प्रेरणा
कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) परिसर में अब विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के गीता उपदेशों से कर्म और कर्तव्य की प्रेरणा मिलेगी। विश्वविद्यालय के हेलिपैड तिराहे पर इस्कॉन के सहयोग से भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन के रथ की भव्य प्रतिमा तैयार की जा रही है। इसमें महाभारत के कुरुक्षेत्र युद्ध के मैदान में भगवान श्रीकृष्ण को अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश देते हुए दर्शाया जाएगा। प्रतिमा स्थापित होने के बाद परिसर में सुबह और शाम गीता का सार भी प्रसारित किया जाएगा।
इस पहल के जरिए विश्वविद्यालय परिसर में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और जीवन मूल्यों को बढ़ावा देने की तैयारी है। प्रतिमा विद्यार्थियों को महाभारत के उस प्रसंग की याद दिलाएगी, जब युद्धभूमि में अपने कर्तव्य को लेकर संशय में पड़े अर्जुन को भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का उपदेश देकर धर्म और कर्म का मार्ग दिखाया था।
कर्म, अनुशासन और आत्मविश्वास का मिलेगा संदेश
कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने बताया कि प्रतिमा के माध्यम से महाभारत के इस महत्वपूर्ण प्रसंग को जीवंत किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में कर्म के प्रति निष्ठा, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण विकसित करना है। उन्होंने बताया कि प्रतिमा स्थापित होने के बाद नियमित रूप से सुबह और शाम गीता के संदेशों का प्रसारण किया जाएगा, ताकि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ जीवन के मूल्यों को भी समझ सकें।
पहले से स्थापित हैं तुलसीदास और नटराज की प्रतिमाएं
विश्वविद्यालय परिसर में भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए पहले भी कई प्रतिमाएं स्थापित की जा चुकी हैं। इनमें गोस्वामी तुलसीदास और भगवान शिव के नटराज स्वरूप की प्रतिमाएं शामिल हैं। नटराज प्रतिमा के समीप सुबह-शाम भजनों के साथ श्रीरामचरितमानस की चौपाइयों का प्रसारण भी किया जाता है। अब कृष्ण-अर्जुन के रथ की प्रतिमा के माध्यम से इस क्रम में श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश भी जुड़ जाएंगे।
शोध पीठों के जरिए भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ावा
विश्वविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा और दर्शन को आगे बढ़ाने के लिए श्रीमद्भगवद्गीता वाङ्मय, जैन और गुरु तेग बहादुर शोध पीठ स्थापित हैं। इसके अलावा पंडित दीनदयाल उपाध्याय पीठ के माध्यम से उनके विचारों और दर्शन पर काम किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और जीवन मूल्यों को अकादमिक गतिविधियों से जोड़ना है। कृष्ण-अर्जुन की प्रस्तावित प्रतिमा इसी प्रयास की एक और कड़ी होगी।


