करवा चौथ के दो दिन बाद नवविवाहिता का मिला शव, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
सेन पश्चिम पारा की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में दूसरी मंजिल के कमरे में बेड के पास पड़ा था शव, ससुरालीजन घर से गायब; फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
कानपुर। सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के न्यू आजाद नगर स्थित गंगापुर ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर नवविवाहिता का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। दूसरी मंजिल के कमरे में बेड के पास जमीन पर उसका शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष ने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। घटना के बाद ससुरालीजन घर से गायब मिले। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
फरवरी में हुई थी शादी
कन्नौज जिले के ठठिया स्थित श्याम नगर निवासी किसान उमेश सैनी की 21 वर्षीय बेटी मुस्कान की शादी 20 फरवरी 2026 को न्यू आजाद नगर निवासी ओमप्रकाश सैनी के 26 वर्षीय बेटे सागर से हुई थी। सागर ऑटो चलाता है। शुक्रवार दोपहर सागर ने अपने साले सुमित की पत्नी बिट्टन को फोन कर मुस्कान के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी दी। इस पर सुमित ने अपने चचेरे भाई दिनेश को मौके पर भेजा। दिनेश घर पहुंचे तो दूसरी मंजिल के कमरे में बेड के पास मुस्कान का शव जमीन पर पड़ा था। घर में कोई ससुरालीजन मौजूद नहीं था।
करवा चौथ का त्योहार न भेजने पर हुआ था विवाद
मुस्कान के भाई सुमित ने आरोप लगाया कि करवा चौथ का त्योहार न भेजने को लेकर बुधवार को ससुरालीजनों ने उसकी बहन को प्रताड़ित किया था। मुस्कान का कहना था कि उनके परिवार में करवा चौथ का त्योहार अशुभ माना जाता है। उसकी बड़ी बहन आरती के पहले दो पतियों की करवा चौथ का त्योहार भेजने के बाद मौत हो चुकी है। इसी वजह से मायके पक्ष में यह त्योहार नहीं भेजा जाता है।
आरोप है कि इसी बात को लेकर सागर ने मुस्कान के साथ गालीगलौज की और घर से चला गया। गुरुवार को करवा चौथ के दिन सागर पूरे दिन और रात घर नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह मुस्कान ने अपनी भाभी बिट्टन को फोन कर विवाद की पूरी जानकारी दी थी। इसके बाद दोपहर में सागर की ओर से मुस्कान के आत्महत्या करने की सूचना दी गई।
कमरे में नहीं मिला फांसी लगाने का सामान
मायके पक्ष ने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी मलचंद्र चौरसिया ने बताया कि कमरे में फिलहाल पंखे के कुंडे से लटकी कोई साड़ी या रस्सी नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


