निजी तस्वीरें वायरल कर शादी का दबाव, छात्रा ने छोड़ी पढ़ाई; परिवार को पांच लाख में हत्या कराने की धमकी

कानपुर। निजी तस्वीरें वायरल करने और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान बीएससी की एक छात्रा को अपनी पढ़ाई तक छोड़नी पड़ गई। आरोप है कि शादी का दबाव बनाने के लिए युवक ने छात्रा की निजी तस्वीरें उसके पिता, भाई और रिश्तेदारों के मोबाइल पर भेज दीं। विरोध करने पर छात्रा और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने कथित तौर पर पांच लाख रुपये खर्च कर पूरे परिवार की हत्या कराने की बात भी कही। छात्रा का आरोप है कि उसने दो थानों में शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार उसने पुलिस आयुक्त से शिकायत की। उनके निर्देश पर कल्याणपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोचिंग में हुई थी मुलाकात

बिल्हौर निवासी छात्रा कल्याणपुर स्थित एक महाविद्यालय से बीएससी की पढ़ाई कर रही थी। इसके साथ ही वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही थी। छात्रा के मुताबिक, कोचिंग के दौरान उसकी मुलाकात कानपुर देहात के शिवली क्षेत्र स्थित बसेंध गांव निवासी दीपक उर्फ राज से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे फोन पर संपर्क बढ़ गया।

आरोप है कि युवक ने उसे अपने झांसे में लेकर कॉलेज आने-जाने के दौरान परेशान करना शुरू कर दिया। इस दौरान उसने बालिग होने पर शादी करने का भरोसा दिया। बाद में वह छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगा।

होटल में खींचीं निजी तस्वीरें

छात्रा का आरोप है कि मार्च 2025 में आरोपी उसे कल्याणपुर जीटी रोड स्थित एक होटल में ले गया था। वहां उसकी मर्जी के बिना निजी तस्वीरें खींच लीं। इसके बाद आरोपी उन तस्वीरों के जरिए उस पर दबाव बनाने लगा और विरोध करने पर उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देने लगा।

छात्रा के मुताबिक, जून 2026 में आरोपी उसे शिवली स्थित दिल्ली ढाबे पर ले गया। वहां एक कमरे में बंद कर दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी।

आर्य समाज मंदिर में शादी का बनाने लगा दबाव

छात्रा का आरोप है कि इसके बाद युवक उस पर आर्य समाज मंदिर में शादी करने का दबाव बनाने लगा। इनकार करने पर उसे और उसके परिवार को धमकियां देने लगा। आरोपी कथित तौर पर कहता था कि वह न तो उसे पढ़ने देगा और न ही उसका घर बसने देगा। जरूरत पड़ने पर पांच लाख रुपये खर्च कर पूरे परिवार की हत्या कराने की धमकी भी दी।

पिता, भाई और रिश्तेदारों को भेजीं तस्वीरें

आरोप है कि युवक ने छात्रा की निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर दीं। इतना ही नहीं, उसके पिता, भाई और अन्य रिश्तेदारों के मोबाइल पर भी तस्वीरें भेज दीं। इससे छात्रा और उसका परिवार मानसिक रूप से परेशान हो गया। लगातार मिल रही धमकियों और बदनामी के डर से छात्रा ने कॉलेज जाना बंद कर दिया। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी छोड़नी पड़ी। पढ़ाई और भविष्य को लेकर किए गए सपनों पर इस घटना का गहरा असर पड़ा।

दो थानों में शिकायत के बाद पुलिस आयुक्त से मिली

छात्रा ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर तीन अक्टूबर को बिल्हौर थाने में शिकायत की थी। इसके बाद 11 अक्टूबर को कल्याणपुर थाने पहुंचकर भी अपनी आपबीती बताई। आरोप है कि दोनों जगह शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद छात्रा ने पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *