धनतेरस पर कानपुर के बाजारों में बरसेगा कुबेर का खजाना, 2000 करोड़ से ज्यादा के कारोबार की उम्मीद

धनतेरस पर कानपुर के बाजारों में बरसेगा कुबेर का खजाना, 2000 करोड़ से ज्यादा के कारोबार की उम्मीद

सराफा बाजार में 400 करोड़ का व्यापार होने का अनुमान, 15 हजार बाइक-स्कूटी और पांच हजार से अधिक कारों की होगी डिलीवरी; सोना-चांदी महंगा होने के बाद भी ग्राहकों में उत्साह

कानपुर। पांच दिवसीय दीपावली पर्व की शुरुआत शुक्रवार को धनतेरस के साथ हो गई। त्योहार को लेकर शहर के बाजारों में रौनक देखते ही बन रही है। शोरूम और दुकानें दुल्हन की तरह सजाए गए हैं। सराफा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन, फर्नीचर, कपड़ा और सजावटी सामान के बाजारों में बंपर कारोबार की उम्मीद है। कारोबारियों के मुताबिक, धनतेरस पर कानपुर में दो हजार करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार हो सकता है। इसमें अकेले सराफा बाजार की हिस्सेदारी करीब 400 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।

सोना-चांदी की कीमतों में भारी तेजी के बावजूद ग्राहकों का उत्साह कम नहीं हुआ है। शुक्रवार को सोना 1,47,700 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 1,93,700 रुपये प्रति किलो पर रही। इसके बावजूद करीब 280 करोड़ रुपये का सोना और 190 करोड़ रुपये की चांदी बिकने की उम्मीद है। कारोबारियों का अनुमान है कि धनतेरस पर करीब 200 किलो सोना और 10 हजार किलो चांदी की बिक्री हो सकती है।

 400 करोड़ के कारोबार की उम्मीद, सिक्कों और मूर्तियों की भी मांग

सराफा बाजार में आभूषणों के साथ सोने-चांदी के सिक्कों की भी अच्छी मांग है। एक ग्राम से लेकर एक हजार ग्राम तक के सिक्के उपलब्ध हैं। इसके अलावा सोने-चांदी से बने गणेश-लक्ष्मी, राधाकृष्ण, दुर्गा, हनुमान और रामदरबार की मूर्तियां भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं।

ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन (एआईजेजीएफ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने बताया कि सोने-चांदी की कीमतें बढ़ने के बावजूद बाजार में अच्छा उत्साह है। इस बार सराफा बाजार में 400 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।

15 हजार बाइक-स्कूटी और पांच हजार कारों की होगी डिलीवरी

धनतेरस पर ऑटोमोबाइल बाजार में भी जबरदस्त कारोबार की तैयारी है। नवरात्र में शहर के ऑटोमोबाइल उद्योग को 700 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार मिला था। अब धनतेरस पर 100 से ज्यादा कार और बाइक शोरूमों में करीब 15 हजार बाइक-स्कूटी और पांच हजार से अधिक कारों की बिक्री का अनुमान है।

लग्जरी कारों से लेकर एसयूवी और दोपहिया वाहनों तक की मांग है। 70 से 80 लाख रुपये की बीएमडब्ल्यू और 20 से 25 लाख रुपये की एसयूवी भी ग्राहकों की पसंद बनी हुई हैं। एक बाइक शोरूम में 350 से अधिक बाइकों और एक कार शोरूम में 125 से ज्यादा कारों की डिलीवरी होनी है।

स्मार्ट टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन की मांग

इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में स्मार्ट टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और माइक्रोवेव की सबसे ज्यादा मांग है। मिक्सी, ग्राइंडर, कॉफी मेकर और एयर फ्रायर भी ग्राहकों को पसंद आ रहे हैं। कंपनियां ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कॉम्बो पैक भी दे रही हैं। टीवी, फ्रिज, एसी और वॉशिंग मशीन के कॉम्बो पैक 1.21 लाख और 1.51 लाख रुपये तक में उपलब्ध हैं।

नवंबर-दिसंबर में होने वाली शादियों को देखते हुए कई परिवारों ने पहले से ही इलेक्ट्रॉनिक सामान की बुकिंग करा रखी है। धनतेरस पर इनकी डिलीवरी होने की उम्मीद है।

डिजाइनर बर्तनों और पीतल-कॉपर के सामान का क्रेज

बर्तन बाजार में पीतल, कॉपर और डिजाइनर बर्तनों की मांग बढ़ी है। उत्तर प्रदेश बर्तन व्यापार संघ के अध्यक्ष ईश्वर सिंह वर्मा ने बताया कि लेजर प्रिंटिंग वाली थाली, कटोरी और गिलास ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन पर फूल-पत्ती, कार्टून, देवी-देवताओं और ग्राहक की तस्वीर तक बनवाई जा सकती है।

रंग बदलने वाला गिलास 100 रुपये प्रति पीस में उपलब्ध है। इसके अलावा मुरादाबादी, सिल्वर टच और मिरर पॉलिश थाली सेट, मिल्क पॉट और नक्काशीदार पीतल-कॉपर के बर्तनों की भी अच्छी मांग है।

सोफा, डाइनिंग टेबल और डबल बेड की खूब हो रही खरीदारी

फर्नीचर बाजार में लकड़ी के मंदिर, महाराजा और एल शेप सोफा, डाइनिंग टेबल, डबल बेड और झूले ग्राहकों की पसंद बने हुए हैं। इसके साथ गद्दे, तकिये और रजाइयों की भी खरीदारी हो रही है। आगामी सहालग को देखते हुए दुकानदारों ने एक लाख से 2.70 लाख रुपये तक के मैरिज पैकेज तैयार किए हैं। इनमें स्टोरेज वाला डबल बेड, गद्दा, दो तकिये, कवर, ड्रेसिंग टेबल, अलमारी और सोफा सेट शामिल हैं। धनतेरस पर इन पैकेजों की भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है। कुल मिलाकर धनतेरस पर कानपुर के बाजारों में सोने-चांदी की चमक से लेकर नई गाड़ियों की रफ्तार और इलेक्ट्रॉनिक्स-फर्नीचर की खरीदारी तक हर तरफ रौनक है। महंगाई के बावजूद कारोबारियों को इस बार पिछले वर्षों के मुकाबले बेहतर कारोबार की उम्मीद है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *