हैदराबाद के तनिष्क शोरूम से पांच करोड़ की ज्वैलरी चोरी का कानपुर पुलिस करेगी खुलासा, गैंग सरगना नईम का कस्टडी रिमांड लेने की तैयारी
कानपुर। हैदराबाद के मेदिपल्ली स्थित तनिष्क ज्वैलरी शोरूम में हुई पांच करोड़ रुपये की चोरी का खुलासा अब कानपुर पुलिस करेगी। अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सरगना नईम ने पूछताछ में इस बड़ी वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस अब नईम का कस्टडी रिमांड लेकर बिहार के अररिया में जमीन में छिपाई गई ज्वैलरी बरामद करने की तैयारी कर रही है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरोह ने अलग-अलग राज्यों में वारदात करने के बाद चोरी का माल ठिकाने लगाने के लिए खास रणनीति बना रखी थी।
पुलिस की प्राथमिक जांच के मुताबिक गिरोह ने 18 अगस्त को हैदराबाद के मेदिपल्ली स्थित तनिष्क शोरूम से करीब पांच करोड़ रुपये के जेवरात चोरी किए थे।

बड़ी वारदात के बाद हैदराबाद पुलिस उनके पीछे पड़ गई। इसके चलते आरोपियों ने चोरी की ज्वैलरी बेचने के बजाय बिहार के अररिया जिले में अपने गांव के पास जमीन में छिपा दी। आठ सितंबर को आरोपी बिहार के अररिया पहुंचे और वहां जेवरात जमीन में दबा दिए। पूछताछ में गिरोह के सरगना नईम ने इस बात को स्वीकार किया है।
पुलिस के मुताबिक चोरी के बाद गिरोह के सदस्य अलग-अलग शहरों में घूमते रहे। 27 सितंबर को दिल्ली पहुंचे और कुछ दिन वहां रुके। इसके बाद मध्य प्रदेश में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सात अक्टूबर को गोवा पहुंचे, जहां वारदात करने के बाद मुंबई चले गए। इस दौरान आरोपियों ने अपनी पहचान और ठिकाने छिपाने की कोशिश की।


