कानपुर प्रदेश में सबसे ठंडा, रात का पारा 8.4 डिग्री पर पहुंचा; नवंबर में पहली बार इतनी ठंड, सर्द हवाओं ने बढ़ाई कंपकंपी

कानपुर प्रदेश में सबसे ठंडा, रात का पारा 8.4 डिग्री पर पहुंचा; नवंबर में पहली बार इतनी ठंड, सर्द हवाओं ने बढ़ाई कंपकंपी

कानपुर। शहर में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। रात का तापमान गिरकर 8.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसके साथ ही शुक्रवार को कानपुर प्रदेश में सबसे ठंडा शहर रहा। नवंबर में पहली बार रात का पारा इतना नीचे पहुंचा है। शनिवार सुबह भी सर्द हवाओं ने लोगों को कंपकंपा दिया। सुबह घरों से निकलने वाले लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन छांव में सर्द हवाएं ठिठुरन बढ़ाएंगी।

सर्द हवाएं दिखाने लगीं असर

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर-पूर्वी सर्द हवाओं का असर अब दिखने लगा है। इनके चलते रात के तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध भी देखने को मिल सकती है। ठंड को देखते हुए सुबह गर्म कपड़े पहनकर निकलना बेहतर रहेगा। दिन में धूप निकलने से मौसम कुछ राहत देगा, लेकिन सर्द हवाओं का प्रभाव बना रहेगा। खासकर छांव में खड़े होने पर ठंड अधिक महसूस होगी।

चार डिग्री से ज्यादा गिरा रात का पारा

सीएसए की ओर से जारी मौसम रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 4.2 डिग्री कम है।

सुबह सर्द हवाओं ने लोगों को कंपकंपाया। दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिली, लेकिन शाम चार बजे के बाद ठंडी हवाएं चलने लगीं। रात में ओस गिरने और हवाओं के चलते ठंड का असर और बढ़ गया। मौसम के इस बदलाव के साथ ही शहर में अब सर्दी का अहसास लगातार तेज होने लगा है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *