रोहित 3 साल बाद फिर मुंबई इंडियंस के कप्तान:5 IPL खिताब जिताए, 11 सीजन संभाली कैप्टेंसी; हार्दिक के पंजाब जाने के बाद मिली जिम्मेदारी

रोहित शर्मा 3 साल बाद एक बार फिर मुंबई इंडियंस के कप्तान बन गए हैं। वे हार्दिक पंड्या की जगह लेंगे। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को इसका ऐलान किया। 39 साल के रोहित 2013 से 2023 तक लगातार 11 सीजन टीम के कप्तान रहे। उनकी कप्तानी में मुंबई ने 5 IPL खिताब और 2013 में चैंपियंस लीग टी-20 की ट्रॉफी जीती थी। हार्दिक की कप्तानी में मुंबई पिछले 3 सीजन में सिर्फ एक बार प्लेऑफ में पहुंच सकी थी। इसके बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स भेज दिया और बदले में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को शामिल किया।

मुंबई इंडियंस मेरी जिंदगी का बहुत बड़ा हिस्सा रही- रोहित

कप्तान बनने के बाद रोहित शर्मा ने कहा, मुंबई इंडियंस मेरी जिंदगी का बहुत बड़ा हिस्सा रही है। इस टीम की कप्तानी करना हमेशा मेरे लिए गर्व की बात रही है।

रोहित को ही दोबारा कप्तानी क्यों?

IPL 2027 से पहले मुंबई के पास कप्तानी के लिए सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा जैसे विकल्प थे। कई रिपोर्ट्स में तिलक को कप्तानी दी जाने की बात कही गई थी।
रोहित ने खुद भी कप्तानी के लिए तिलक का नाम सुझाया था, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उनसे दोबारा जिम्मेदारी संभालने की रिक्वेस्ट की। कई दौर की बातचीत के बाद रोहित इसके लिए तैयार हो गए।
रोहित 2011 से मुंबई का हिस्सा हैं। उनकी एक खासियत मैच की स्थिति को समझकर सही समय पर फैसले लेना भी रही है। मुंबई के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने भी रोहित की इसी क्वालिटी को सराहा था।
इसके अलावा, रोहित की फैन फॉलोइंग भी मुंबई के लिए अहम है। 2024 में हार्दिक को कप्तान बनाए जाने पर वानखेड़े में दर्शकों ने उनकी हूटिंग की थी।

2013 में पहली बार कप्तानी मिली, उसी सीजन चैंपियन बनाया

रोहित को IPL 2013 के बीच में मुंबई की कप्तानी मिली थी। उस सीजन ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग टीम की कमान संभाल रहे थे। पोंटिंग को मुंबई ने 2013 की नीलामी में खरीदा था और उन्हें कप्तान बनाया था।

शुरुआती 6 मैचों में मुंबई को तीन जीत मिली थीं। पोंटिंग का बल्ला भी नहीं चल रहा था। इसके बाद उन्होंने खुद को प्लेइंग-11 से बाहर रखा और कप्तानी छोड़ दी। उस समय टीम में सचिन तेंदुलकर और हरभजन सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद थे, लेकिन मैनेजमेंट ने रोहित को जिम्मेदारी सौंपी।रोहित ने 24 अप्रैल 2013 को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पहली बार मुंबई की कप्तानी की। टीम ने वह मैच पांच विकेट से जीता। इसके बाद मुंबई ने उसी सीजन अपना पहला IPL खिताब भी जीत लिया। रोहित की कप्तानी में मुंबई ने 2020 में आखिरी IPL ट्रॉफी दुबई में जीती थी।

IPL में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर

रोहित IPL में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर हैं। उन्होंने 281 मैचों में 7,329 रन बनाए हैं। रोहित के नाम 2 शतक और 49 अर्धशतक हैं। इस लिस्ट में विराट कोहली 9,336 रन के साथ पहले और शिखर धवन 6,769 रन के साथ तीसरे नंबर पर हैं।

हार्दिक की कप्तानी में मुंबई 39 में से 15 मैच जीत सकी

हार्दिक पंड्या 27 नवंबर 2023 को गुजरात टाइटंस से ट्रेड होकर मुंबई इंडियंस में आए थे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 2024 सीजन से पहले टीम का कप्तान बनाया। इससे पहले हार्दिक की कप्तानी में गुजरात ने 2022 में अपने पहले ही सीजन में IPL खिताब जीता था और 2023 में फाइनल तक पहुंची थी। हालांकि, मुंबई में उनका प्रदर्शन वैसा नहीं रहा।

हार्दिक की कप्तानी में टीम ने 3 सीजन में कुल 39 मैच खेले, जिनमें 15 जीते और 24 हारे। इस दौरान मुंबई 2024 में पॉइंट्स टेबल में आखिरी स्थान पर रही, 2025 में प्लेऑफ तक पहुंची और 2026 में 9वें स्थान पर रही।

मुंबई ने कोचिंग स्टाफ बदला, पोलार्ड हेड कोच बने

IPL 2027 ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस ने पूरे कोचिंग स्टाफ बदल दिए। महेला जयवर्धने की जगह वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर किरोन पोलार्ड हेड कोच बने। वहीं पूर्व भारतीय क्रिकेटर रोबिन उथप्पा मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच बनाया गया। इनके अलावा न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल मैक्लेनाघन को बॉलिंग कोच, टी. दिलीप को फील्डिंग कोच और धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट बॉलिंग कोच बनाया गया है। पोलार्ड ने 2022 में अपना आखिरी IPL मैच खेला था। उन्होंने सिर्फ मुंबई के लिए IPL खेला। उन्होंने 189 मैचों में 3,412 रन बनाए।

मुंबई के पास 9 स्लॉट और 32.60 करोड़ रुपए

मुंबई ने IPL 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले 16 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। इनमें रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और मिचेल सैंटनर जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। फ्रेंचाइजी के पास ऑक्शन में भरने के लिए 9 स्लॉट बाकी हैं। टीम के पर्स में 32.60 करोड़ रुपए बचे हैं।

मुंबई की रिटेंशन लिस्ट

अर्शदीप सिंह, अश्वनी कुमार, कॉर्बिन बॉश, जसप्रीत बुमराह, मिचेल सैंटनर, नमन धीर, क्विंटन डी कॉक, रघु शर्मा, राज अंगद बावा, रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन, शार्दूल ठाकुर, शेरफेन रदरफोर्ड, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और विल जैक्स।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *