एक हजार करोड़ की साइबर ठगी का मास्टरमाइंड दुबई में उड़ा रहा मौज

आठ नए वीडियो आए सामने; डिस्कोथेक में स्पार्कल गन, शैंपेन से नहाया, स्काई डाइविंग भी की

कानपुर। देशभर में ऑनलाइन गेमिंग एप, डिजिटल अरेस्ट और इन्वेस्टमेंट के नाम पर करीब एक हजार करोड़ रुपये की साइबर ठगी का मास्टरमाइंड 25 हजार रुपये का इनामी सुल्तान मिर्जा उर्फ अभय शुक्ला आज भी दुबई में बैठकर अपना नेटवर्क चला रहा है। उसके गुर्गे देश के कई राज्यों में सक्रिय होकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इधर, कानपुर पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है, लेकिन वह अब तक गिरफ्त से बाहर है। शुक्रवार को पुलिस के हाथ सुल्तान की अय्याशी के आठ और वीडियो लगे हैं। इनमें वह दुबई के डिस्कोथेक में स्पार्कल गन चलाते, बॉलीवुड गानों पर थिरकते और दोस्तों के साथ शैंपेन उड़ाते नजर आ रहा है। एक वीडियो में वह हजारों फीट की ऊंचाई से स्काई डाइविंग करता दिखाई दे रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद साइबर ठगी के इस बड़े नेटवर्क और उसके सरगना की विदेश में चल रही आलीशान जिंदगी की तस्वीर सामने आई है। एक तरफ देश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों की मेहनत की कमाई ठगी के जरिए हड़पी जा रही है, वहीं दूसरी तरफ गिरोह का सरगना दुबई में महंगी पार्टियों और रोमांचक गतिविधियों में पैसा खर्च कर रहा है।

चार्टर्ड प्लेन से हजारों फीट की ऊंचाई से लगाई छलांग

पुलिस के हाथ लगे वीडियो में करीब एक मिनट 30 सेकेंड का स्काई डाइविंग वीडियो भी शामिल है। इसमें सुल्तान मिर्जा एक ट्रेनर के साथ चार्टर्ड प्लेन से हजारों फीट की ऊंचाई पर पहुंचता है। इसके बाद दोनों विमान से छलांग लगाते दिखाई देते हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में हॉलीवुड का गाना सुनाई दे रहा है।

हवा में पैराशूट से बंधा ट्रेनर सुल्तान को अलग-अलग करतब कराता नजर आता है। करीब एक मिनट तक हवा में रहने के बाद वह पैराशूट की मदद से नीचे उतरता है। लैंडिंग के बाद सुल्तान अपने अनुभव को साझा करते हुए कहता है, ‘इट्स अमेजिंग, आउटस्टैंडिंग, लाइफ टाइम एक्सपीरियंस… थैंक यू सो मच।’

डिस्कोथेक में स्पार्कल गन, दोस्तों ने शैंपेन से नहलाया

बाकी वीडियो अलग-अलग डिस्कोथेक के बताए जा रहे हैं। एक वीडियो में सुल्तान हाथ में स्पार्कल गन लेकर क्लब में डांस करता नजर आ रहा है। दूसरे वीडियो में क्लब की मेज पर शराब से भरे गिलास रखे हैं और वह युवतियों के साथ बॉलीवुड गानों पर थिरक रहा है। इसके बाद वह नशे की हालत में मेज पर चढ़कर डांस करता दिखाई देता है।

करीब एक मिनट 27 सेकेंड के एक अन्य वीडियो में सुल्तान अपने सात से आठ दोस्तों के साथ स्टेज पर खड़ा है। सभी के हाथों में शैंपेन की बोतलें हैं। इस दौरान बोतलें खोलकर शैंपेन उड़ाई जाती है और उसके साथी उसे शैंपेन से नहलाते नजर आते हैं। वीडियो में सभी लोग जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं।

पहले भी सामने आया था रशियन युवती पर नोट उड़ाने का वीडियो

इससे पहले भी सुल्तान मिर्जा का दुबई के एक डिस्कोथेक का वीडियो सामने आया था। इसमें वह एक विदेशी युवती पर नोट उड़ाता दिखाई दे रहा था। यह वीडियो गिरोह के सदस्य राजवीर सिंह और शिवम सिन्हा की गिरफ्तारी के बाद सामने आया था। पुलिस ने शिवम सिन्हा के मोबाइल का डाटा रिकवर कराया तो उसमें सुल्तान की अय्याशी के दो वीडियो मिले थे। अब आठ नए वीडियो मिलने के बाद पुलिस गिरोह के विदेश में फैले नेटवर्क से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

पांच करोड़ की संपत्ति चिह्नित, कुर्की के नोटिस चस्पा

एक तरफ पुलिस सुल्तान की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही है, वहीं दूसरी तरफ उसकी आर्थिक गतिविधियों और संपत्तियों पर शिकंजा कसने की तैयारी है। पुलिस ने बर्रा के दामोदर नगर, कल्याणपुर और औरैया में करीब पांच करोड़ रुपये की संपत्ति चिह्नित की है। इन संपत्तियों पर कुर्की की कार्रवाई के लिए नोटिस चस्पा किए गए हैं। सुल्तान के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी है, ताकि वह देश में प्रवेश करने पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर में आ सके। इसके बावजूद वह अब तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है।

250 करोड़ से शुरू हुई जांच, एक हजार करोड़ तक पहुंचा ठगी का आंकड़ा

दुबई में बैठकर साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित करने वाले सुल्तान मिर्जा का गिरोह ऑनलाइन गेमिंग एप, डिजिटल फ्रॉड, इन्वेस्टमेंट स्कीम और म्यूल बैंक खातों के जरिए ठगी करता था। शुरुआती जांच में ठगी की रकम करीब 250 करोड़ रुपये आंकी गई थी, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, यह आंकड़ा करीब एक हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

पुलिस ने इस नेटवर्क में शामिल फतेहपुर और मूलरूप से कोयला नगर निवासी कपिल वर्मा उर्फ कपिल देव उर्फ शंटी, साढ़ निवासी अभय प्रताप और रोहित सिंह उर्फ रुद्र प्रताप सिंह, बर्रा निवासी राजवीर सिंह और रतनलाल नगर निवासी शुभम सिन्हा उर्फ शिवम सिन्हा समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मूलरूप से औरैया निवासी अभय शुक्ला उर्फ सुल्तान मिर्जा के लिए काम करते थे। पुलिस को आरोपियों के पास से कई म्यूल बैंक खाते मिले। इन खातों के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर 29 शिकायतें दर्ज मिली थीं। इसके अलावा दुबई के नंबरों से जुड़े कई एक्टिवेटेड और प्री-एक्टिवेटेड सिम भी बरामद हुए थे।

 23 निजी बैंककर्मियों से संपर्क, खातों के सत्यापन में मिलीभगत

पुलिस ने आरोपियों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और मोबाइल डाटा की जांच की तो 23 निजी बैंककर्मियों से बातचीत के साक्ष्य मिले। आरोपी कपिल वर्मा के मोबाइल में वर्ष 2024 से इन बैंककर्मियों के साथ बातचीत की डिटेल मिली थी। जांच में सामने आया कि कथित तौर पर बैंककर्मियों की मिलीभगत से खातों का सत्यापन कराया जाता था।

जांच के दौरान बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, डीसीबी बैंक, सीएसबी बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक, जन स्मॉल फाइनेंस बैंक और एयरटेल पेमेंट बैंक से जुड़े खातों का नाम सामने आया था। पुलिस इन खातों और बैंककर्मियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

 म्यूल खातों का हैंडलर था सुल्तान, 60 प्रतिशत रकम रखता था अपने पास

गिरफ्तार आरोपी शिवम सिन्हा ने पूछताछ में बताया था कि गिरोह के पास जितने भी म्यूल खाते थे, उनका हैंडलर अभय शुक्ला उर्फ सुल्तान मिर्जा ही था। ऑनलाइन गेमिंग एप, बेटिंग एप और इन्वेस्टमेंट फ्रॉड से आने वाली रकम का 60 प्रतिशत हिस्सा सुल्तान अपने पास रखता था, जबकि बाकी 40 प्रतिशत रकम नेटवर्क के अन्य सदस्यों और ठगी की रकम पहुंचाने के काम में इस्तेमाल होती थी।

शिवम के मुताबिक, सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक कैश और ऑनलाइन पेमेंट की डिलीवरी की जाती थी। गिरोह के जरिए प्रतिदिन करीब पांच लाख रुपये का लेनदेन किया जाता था। खातों में रकम आने के बाद यदि पुलिस उन्हें फ्रीज भी करा देती थी, तब भी सुल्तान की जिम्मेदारी होती थी कि दस दिन के भीतर ठगी की रकम का 40 प्रतिशत हिस्सा साइबर ठगों तक पहुंचाया जाए।

सेविंग खाता खुलवाने पर 40 हजार, करंट खाते पर 80 हजार का कमीशन

गिरोह लोगों को सरकारी योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था। इसके बाद खातों की बैंकिंग डिटेल देश-विदेश में बैठे साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराई जाती थी।

पूछताछ में सामने आया था कि सेविंग खाता उपलब्ध कराने के बदले करीब 40 हजार रुपये और करंट खाता खुलवाने के बदले 80 हजार रुपये तक का कमीशन दिया जाता था। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी से हासिल रकम को अलग-अलग स्थानों पर ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था।

अक्टूबर 2025 में दर्ज हुआ था पहला मुकदमा

पुलिस के मुताबिक, अभय शुक्ला उर्फ सुल्तान के खिलाफ अक्टूबर 2025 में 100 करोड़ रुपये की ठगी का पहला मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद से पुलिस टीमें सुल्तान की तलाश में जुटी थीं। हालांकि, उसने अदालत से अग्रिम जमानत हासिल कर ली थी और बाद में शहर छोड़ दिया था।

पुलिस के काफी प्रयासों के बावजूद पिछले करीब एक साल से उसकी सटीक लोकेशन नहीं मिल सकी। उसकी आखिरी लोकेशन नेपाल में मिलने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद उसके दुबई में होने का पता चला। गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी और लुकआउट सर्कुलर जारी होने के बाद से वह भारत नहीं लौटा है।

गुर्गों की गिरफ्तारी के बाद भी नहीं टूटा नेटवर्क

पुलिस की कार्रवाई में गिरोह के कई सदस्य जेल पहुंच चुके हैं, लेकिन विदेश में बैठकर नेटवर्क संचालित करने वाले मुख्य सरगना तक पहुंचना अब भी चुनौती बना हुआ है। नए वीडियो मिलने से सुल्तान की गतिविधियों और उसके विदेश में रहन-सहन से जुड़े नए साक्ष्य सामने आए हैं। पुलिस अब उसकी संपत्तियों, बैंकिंग नेटवर्क, सहयोगियों और विदेश में मौजूद संपर्कों की जांच के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *