कानपुर में छह करोड़ की मेफेड्रोन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

जालौन से ड्रग्स लेकर मुंबई जा रहे थे आरोपी, फजलगंज में चेकिंग के दौरान पुलिस ने दबोचा;
रेव पार्टी और हाईप्रोफाइल आयोजनों में करते थे सप्लाई, सरगना की तलाश में मुंबई गईं तीन टीमें

कानपुर। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मेफेड्रोन ड्रग्स की तस्करी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 600 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब छह करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी जालौन से ड्रग्स लेकर मुंबई जा रहे थे। सोमवार देर रात फजलगंज फायर स्टेशन के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहजहांपुर के मिर्जापुर निवासी हाजिद अली उर्फ साहिल और फर्रुखाबाद निवासी रेहान कुरैशी व ऋषभ कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस का दावा है कि हाजिद अली मुंबई के धारावी निवासी खय्यामुद्दीन उर्फ खय्याम सैय्यद का खास गुर्गा है। गिरोह के सदस्य कई राज्यों में ड्रग्स की सप्लाई करते हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जालौन में ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ होने के बाद बचा हुआ माल मुंबई पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे, ताकि गिरोह की सप्लाई चेन बाधित न हो।

जालौन में फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद मुंबई जा रहे थे आरोपी

एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि 29 अक्टूबर को डीआरआई और एटीएस की संयुक्त टीम ने जालौन के ऐरा गांव में छापा मारकर मेफेड्रोन बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। यहां गुलाबजल बनाने की आड़ में ड्रग्स तैयार की जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र निवासी संतोष आदिके उर्फ संतोष गावड़े और हमीरपुर निवासी हेमेंद्र कुशवाहा को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

फैक्ट्री का भंडाफोड़ होने के बाद फजलगंज पुलिस ने कर्नलगंज निवासी नजीमुद्दीन को एक करोड़ रुपये की ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद 10 नवंबर को गिरोह के सदस्य बाबूपुरवा निवासी रिजवान अहमद को गोविंदपुरी से 50 लाख रुपये की ड्रग्स के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ में सामने आया था कि मुंबई के धारावी में रहने वाला गिरोह का सरगना खय्यामुद्दीन कच्चे माल की सप्लाई करता था।

विदेशी ड्रग्स तस्करों से भी जुड़े हैं तार

पुलिस के मुताबिक, खय्यामुद्दीन के संबंध विदेशी ड्रग्स तस्करों से भी सामने आए हैं। उसके गिरोह के सदस्य देश के कई राज्यों में मादक पदार्थों की सप्लाई करते हैं। एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि पुलिस टीम लगातार गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही थी।

सोमवार देर रात फजलगंज फायर स्टेशन के बाहर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 600 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जालौन की फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद गिरोह की सप्लाई चेन बाधित न हो, इसलिए वे बची हुई ड्रग्स मुंबई लेकर जा रहे थे।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, गिरोह के अन्य सदस्य अरबाज कट्टा, हसीन बाबू, दानिश और शैलू उर्फ शालू बाबा की तलाश की जा रही है। वहीं, सरगना खय्यामुद्दीन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें मुंबई भेजी गई हैं।

साइबर ठगी और हवाला कारोबार से भी जुड़े तार

डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपी लंबे समय से खय्यामुद्दीन के लिए ड्रग्स सप्लाई का काम कर रहे थे। जांच में इनके साइबर ठगी के गिरोह में भी शामिल होने के साक्ष्य मिले हैं। आरोपियों के पास से कई बैंक खाते मिले हैं, जिनमें करोड़ों रुपये का लेनदेन हुआ है। इसके साथ ही हवाला कारोबार से जुड़े होने के कनेक्शन भी सामने आए हैं। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

रेव पार्टी और हाईप्रोफाइल आयोजनों में होती थी सप्लाई

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गिरोह मेफेड्रोन की सप्लाई रेव पार्टी, कंसर्ट और हाईप्रोफाइल पार्टियों में करता था। पुलिस के मुताबिक, हाजिद अली उर्फ साहिल पिछले चार साल से खय्यामुद्दीन के संपर्क में था। साहिल ने फर्रुखाबाद के एक कॉलेज से केमिस्ट्री में बीएससी की है। वहीं, ऋषभ बायोलॉजी से स्नातक है, जबकि रेहान कुरैशी पांचवीं पास है।

पुलिस के अनुसार, खय्यामुद्दीन को अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का रिश्तेदार बताया जाता है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए मुंबई में दबिश दी जा रही है।

इस मामले में चौकी प्रभारी ई-स्टेट उमाकांत की तहरीर पर हाजिद अली उर्फ साहिल, रेहान कुरैशी, ऋषभ कुमार, अरबाज कट्टा, हसीन बाबू और खय्यामुद्दीन के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस गिरोह के बाकी सदस्यों और ड्रग्स की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *