मूल आवंटी की फोटो हटाकर फर्जी महिला की फोटो लगाने वाला केडीए बाबू निलंबित

रतनपुर विस्तार योजना में कूटरचित दस्तावेजों से भूखंड की रजिस्ट्री कराने का किया था प्रयास, अगस्त में तीन बाबुओं समेत छह पर दर्ज हुई थी एफआईआर

कानपुर। केडीए की रतनपुर विस्तार योजना में मूल आवंटी की फोटो हटाकर दूसरी महिला की फोटो लगाने और कूटरचित दस्तावेजों के सहारे भूखंड की रजिस्ट्री कराने के प्रयास के मामले में प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को आरोपी कनिष्ठ लिपिक जितेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया। उसके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। इस मामले में अगस्त माह में ही तीन बाबुओं समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है।

रतनपुर विस्तार योजना पार्ट-1 के साउथ-ईस्ट कॉर्नर स्थित भूखंड संख्या ए-03 की मूल आवंटी रमणी देवी पुत्री टीआर वासू हैं। पिछले दिनों अधिवक्ता रामनिवास सिंह चौहान ने इस संबंध में केडीए में शिकायत की थी। वह मूल आवंटी को साथ लेकर प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे और मामले से जुड़े साक्ष्य प्रस्तुत किए। इसके बाद प्राधिकरण ने जांच शुरू कराई। जांच में सामने आया कि भूखंड के अभिलेखों में मूल आवंटी की फोटो हटाकर दूसरी महिला की फोटो लगा दी गई थी।

फर्जी पैन और आधार कार्ड का भी किया इस्तेमाल

जांच में पता चला कि फर्जी महिला को प्राधिकरण कार्यालय में प्रस्तुत कर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर भूखंड की रजिस्ट्री किसी दूसरे के नाम कराने का प्रयास किया गया था। इसके लिए फर्जी पैन और आधार कार्ड का भी इस्तेमाल किया गया। मामला संज्ञान में आते ही केडीए ने भूखंड की रजिस्ट्री पर रोक लगा दी। इसके बाद जोन-2 के अनुसचिव बलराम की ओर से मामले में शिकायत दर्ज कराई गई।

जांच अधिकारी बनाए गए ओएसडी राजेश पाठक

केडीए ने इस प्रकरण में तथाकथित रमणी देवी, दोनों गवाहों और लिपिक जितेंद्र कुमार, अरविंद गुप्ता व केशव प्रसाद मिश्रा के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई थी। अब बुधवार को कनिष्ठ लिपिक जितेंद्र कुमार को निलंबित करने के आदेश जारी किए गए हैं। उसके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए ओएसडी राजेश पाठक को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। निलंबन के बाद जितेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से संदर्भ अनुभाग से संबद्ध कर दिया गया है।

पहले भी फर्जी रजिस्ट्री की शिकायतों में आया नाम

विक्रय विभाग, जोन-2 में तैनात कनिष्ठ लिपिक जितेंद्र कुमार की भूमिका पहले भी फर्जी रजिस्ट्री से जुड़ी शिकायतों में संदिग्ध बताई गई थी। उसके खिलाफ पूर्व में भी एक-दो बार इस तरह की शिकायतें मिली थीं। अब दोबारा मामला सामने आने पर जांच कराई गई, जिसमें शिकायत सही पाए जाने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई है। गौरतलब है कि केडीए में इससे पहले भी फर्जी रजिस्ट्री और भ्रष्टाचार से जुड़े मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे मामलों में कई कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन से लेकर बर्खास्तगी तक की कार्रवाई हो चुकी है।

केडीए सचिव अभय पांडेय ने बताया कि कनिष्ठ लिपिक के खिलाफ पहले भी फर्जी रजिस्ट्री की शिकायतें मिली थीं। दोबारा मामला संज्ञान में आने पर जांच कराई गई, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई है। मामले की विभागीय जांच ओएसडी राजेश पाठक को सौंपी गई है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *