चालान काटने पर साथियों को बुलाकर पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने पर दर्ज हुई FIR
कानपुर। पंचचक्की चौराहे पर हेलमेट का चालान काटे जाने से नाराज स्कूटी सवार युवक ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवक ने अपने साथी को बुलाकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज की और मारपीट का प्रयास करते हुए धमकी दी। लोगों के बीच-बचाव के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। मामले में ट्रैफिक सिपाही की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
ट्रैफिक सिपाही शिवम चाहर ने बताया कि शनिवार शाम करीब 5:30 बजे वह टीआई हरिकेश कुमार के साथ पंचचक्की चौराहे पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक बिना हेलमेट पकड़ा गया। पुलिस ने नियमानुसार उसका चालान किया तो युवक ने विरोध करते हुए विवाद शुरू कर दिया। पूछताछ में युवक की पहचान सागर के रूप में हुई। उस समय उसका एक साथी भी मौके पर मौजूद था।
सिपाही के मुताबिक चालान को लेकर विवाद बढ़ने पर सागर और उसके साथी ने शिवम चाहर व होमगार्ड मनोज के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि दोनों ने पुलिसकर्मियों से मारपीट का प्रयास किया और धमकी भी दी। हंगामा बढ़ता देख मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। इसी दौरान आरोपी वहां से भाग निकले।
सिपाही शिवम चाहर ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से अभद्रता, धमकी देने और मारपीट के प्रयास की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है।
थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

