हमीरपुर में मासूम से दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, दोनों पैरों में लगी गोली
तीन साल की बच्ची को घर के बाहर से उठाकर अरहर के खेत में ले गया था आरोपी, दुष्कर्म के बाद गला कसकर की थी हत्या; आक्रोशित ग्रामीणों ने आधा दर्जन पुलिस वाहनों में की थी तोड़फोड़
हमीरपुर। जिले के मुस्करा कस्बे में तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गोली मारकर घायल कर दिया। सोमवार सुबह घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए ले जाते समय आरोपी ने कथित तौर पर पहले से छिपाकर रखे तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी। घायल आरोपी को पुलिसकर्मी कंधों पर उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मुस्करा कस्बे में रविवार दोपहर तीन वर्षीय बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान कस्बे का रहने वाला हीरालाल उसे अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गया। आरोप है कि वह बच्ची को गहरौली मार्ग स्थित नई बस्ती के पास अरहर के खेत में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद पैजामी से गला कसकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बच्ची का शव खेत में छोड़कर अपने घर लौट आया।
परिजनों के साथ बच्ची को तलाशने का करता रहा नाटक
बच्ची के पिता के मुताबिक, रविवार शाम करीब चार बजे जब उनकी बेटी घर और आसपास दिखाई नहीं दी तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। पड़ोसियों के साथ खेतों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की गई। इस दौरान आरोपी हीरा भी परिजनों और ग्रामीणों के साथ बच्ची को तलाशने का दिखावा करता रहा। हालांकि, उसकी गतिविधियों पर परिवार को शक हुआ और लोगों ने उसे पकड़ लिया।
इसी बीच रात करीब आठ बजे गहरौली मार्ग पर नई बस्ती के पास अरहर के खेत में बच्ची का शव पड़ा मिला। मासूम का शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस वाहनों में तोड़फोड़, सीओ की गाड़ी का शीशा तोड़ा
मासूम की हत्या से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने के दौरान ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को रोक दिया। आक्रोश बढ़ने पर सीओ राठ की गाड़ी का अगला शीशा तोड़ दिया गया। इसके अलावा राठ कोतवाली, जलालपुर और बिवांर थानों की पुलिस गाड़ियों सहित यूपी-112 के वाहनों को भी निशाना बनाया गया। करीब आधा दर्जन पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की गई। बाद में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
साक्ष्य जुटाने के दौरान पुलिस पर फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब छह बजे आरोपी हीरालाल को साक्ष्य संकलन के लिए घटनास्थल की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान मुस्करा क्षेत्र में पावर हाउस के पीछे पहुंचते ही आरोपी ने पहले से रखे तमंचे से पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे उठाकर सीएचसी ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
एएसपी ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी
घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी अरविंद कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मासूम की हत्या के बाद क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल है।


