जौनपुर में पकड़े गए अंतरराज्यीय गैंग के तार कानपुर से जुड़े, गन हाउस संचालक हिरासत में

जौनपुर में पकड़े गए अंतरराज्यीय गैंग के तार कानपुर से जुड़े, गन हाउस संचालक हिरासत में

अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त का शक, शहर के 68 गन हाउस की जांच शुरू; हैरिस और चौधरी गन हाउस के रजिस्टर खंगाले

कानपुर। जौनपुर में पकड़े गए अंतरराज्यीय असलहा तस्कर गिरोह के तार कानपुर से भी जुड़ते नजर आ रहे हैं। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य कानपुर के मूलगंज स्थित गन हाउस से विदेशी असलहे और कारतूस खरीदते थे। इस जानकारी के बाद शनिवार को जौनपुर पुलिस कानपुर पहुंची और मूलगंज स्थित हैरिस गन हाउस के संचालक अब्बास अली को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कानपुर पुलिस ने भी शहर के सभी 68 गन हाउस की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच अभी जारी है और इसमें दो दिन और लग सकते हैं।

जौनपुर में अंतरराज्यीय गिरोह के पकड़े जाने के बाद कानपुर के गन हाउस संचालकों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। पुलिस को आशंका है कि अवैध तरीके से विदेशी हथियारों और कारतूसों की खरीद-फरोख्त में कुछ अन्य गन हाउस भी शामिल हो सकते हैं। इसी इनपुट के आधार पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर डॉ. विपिन ताडा की अगुवाई में शहरभर के गन हाउस की जांच कराई जा रही है।

जौनपुर में पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, अभियान के दौरान जौनपुर पुलिस को बदलापुर स्थित कुरांवां नहर पुलिया के पास अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से दो 12 बोर बंदूक, 210 कारतूस, एक .22 बोर राइफल, प्रतिबंधित 9 एमएम पिस्टल, एक .45 बोर ग्लॉक पिस्टल, 10 अन्य कारतूस, 7.58 लाख रुपये नकद और 11 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पूछताछ में गिरोह के तार उत्तर प्रदेश के कानपुर के अलावा बिहार, मध्य प्रदेश और दिल्ली तक जुड़े होने की जानकारी सामने आई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि बरामद हथियारों और कारतूसों का कुछ हिस्सा कानपुर के मूलगंज स्थित हैरिस गन हाउस से खरीदा गया था। इसके बाद जौनपुर पुलिस ने कानपुर पहुंचकर गन हाउस संचालक अब्बास अली से पूछताछ शुरू की।

68 गन हाउस की जांच, कई मिले बंद

जौनपुर पुलिस से मिले इनपुट के बाद एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर डॉ. विपिन ताडा ने टीमों का गठन कर शहर के 68 गन हाउस की जांच शुरू कराई। थानावार गठित टीमों ने गन हाउस के लाइसेंस, असलहों और कारतूसों की खरीद-बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल की। जांच के दौरान ज्यादातर गन हाउस बंद मिले।

इसी क्रम में कोतवाली पुलिस की टीम मूलगंज स्थित अब्बास अली के हैरिस और चौधरी गन हाउस पहुंची। यहां असलहों और कारतूसों की खरीद-फरोख्त से जुड़े रजिस्टर खंगाले गए। कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह को हथियार और कारतूस किस प्रक्रिया के तहत बेचे गए और बिक्री से जुड़े दस्तावेजों में कोई अनियमितता तो नहीं हुई।

रिकॉर्ड और लाइसेंस की भी पड़ताल

एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि जौनपुर पुलिस गन हाउस संचालक को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। असलहों और कारतूसों की खरीद-फरोख्त से जुड़े रिकॉर्ड रजिस्टर की जांच की जा रही है। शहर के अन्य गन हाउस की भी पड़ताल कराई जा रही है। जांच अभी जारी है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *