विधानसभा चुनाव से पहले बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, कानपुर के सात BEO दूसरे जिलों में भेजे गए; नौ नए अधिकारियों की तैनाती
कानपुर नगर में अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी, कानपुर देहात समेत कई जिलों से आए नए खंड शिक्षा अधिकारी
कानपुर। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बेसिक शिक्षा विभाग में अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। शासन स्तर से जारी आदेश के तहत कानपुर नगर में तैनात सात खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को दूसरे जिलों में भेजा गया है, जबकि नौ नए बीईओ को कानपुर नगर में तैनाती दी गई है। बेसिक शिक्षा अनुभाग के संयुक्त सचिव लाल मणि यादव की ओर से तबादले का आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक कानपुर नगर में तैनात कृष्ण कुमार, सत्य प्रकाश और शालिनी गुप्ता को कानपुर देहात भेजा गया है। वहीं पूनम वर्मा को औरैया, अनिल कुमार सिंह और कृपाशंकर को फर्रुखाबाद तथा यास्मीन रहमान को इटावा में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फेरबदल के बाद जिले में तैनात सात बीईओ दूसरे जनपदों में कार्यभार संभालेंगे।
इन नौ अधिकारियों को मिली कानपुर में तैनाती
दूसरी ओर विभिन्न जिलों से नौ खंड शिक्षा अधिकारियों को कानपुर नगर भेजा गया है। इनमें कानपुर देहात से अजीत प्रताप सिंह, चंद्रजीत सिंह और शैलेश कुमार द्विवेदी को कानपुर नगर में तैनाती मिली है। फर्रुखाबाद से इंद्र प्रताप सिंह, कन्नौज से विश्वनाथ पाठक और झांसी से मनोज कुमार लाक्षाकार का तबादला कानपुर किया गया है।
इसके अलावा उन्नाव से अनीता शाह, जबकि फतेहपुर से पवन कुमार द्विवेदी और दीप्ति रिछारिया को कानपुर नगर में नई जिम्मेदारी दी गई है।
ब्लॉक स्तर पर संभालेंगे शैक्षिक व्यवस्था की जिम्मेदारी
तबादलों के बाद अब नए अधिकारियों को ब्लॉक स्तर पर कार्यक्षेत्र आवंटित किए जाने की प्रक्रिया होगी। इसके बाद उन्हें विद्यालयों की शैक्षिक गतिविधियों, शिक्षकों की निगरानी, विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। शासन के इस फेरबदल से बेसिक शिक्षा विभाग की स्थानीय कार्यप्रणाली में भी बदलाव देखने को मिलेगा।


