हादसे के बाद खुली राधिका अपार्टमेंट के निर्माण की पोल, बिल्डर समेत पांच पर FIR; फर्जी नक्शे से फ्लैट बेचने का आरोप
इकलौते बेटे की अग्निकांड में मौत, पत्नी गंभीर रूप से झुलसी; लिफ्ट बंद, दीवारों में दरार और फायर सेफ्टी के इंतजाम नहीं होने की भी शिकायत
कानपुर। पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में हुए भीषण अग्निकांड के बाद अब इमारत के निर्माण और सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हादसे के बाद सामने आई शिकायतों के आधार पर फीलखाना पुलिस ने बिल्डर मोहित तिवारी, हिस्ट्रीशीटर पूर्व पार्षद मन्नू रहमान, प्लॉट मालिक सरबजीत कौर तथा बिल्डर के सहयोगी प्यारे खान और सफीक समेत पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। बताया जा रहा है कि अग्निकांड के बाद से आरोपी अपने घरों से फरार हैं।
पटकापुर, बिरहाना रोड स्थित मकान नंबर 19/47 ए राधिका अपार्टमेंट में रहने वाले एसी मैकेनिक अनिल बाथम के परिवार पर इस अग्निकांड ने कहर बरपा दिया। हादसे में उनके 16 वर्षीय इकलौते बेटे प्रांजल की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पत्नी मीता बाथम गंभीर रूप से झुलस गईं। उनका उर्सला अस्पताल में उपचार चल रहा है। इसी अग्निकांड में एक अन्य महिला की भी मौत हुई थी और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ था।
अनिल बाथम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने परिवार के सुरक्षित भविष्य के लिए जीवनभर की कमाई लगाकर 12 दिसंबर 2024 को अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर फ्लैट खरीदा था। फ्लैट खरीदने के दौरान उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि अपार्टमेंट का नक्शा केडीए से स्वीकृत है और लिफ्ट सहित अग्निशमन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम मौजूद रहेंगे। आरोप है कि बाद में यह भरोसा झूठा साबित हुआ।
फर्जी नक्शा दिखाकर फ्लैट बेचने का आरोप
अनिल के मुताबिक, पटकापुर निवासी बिल्डर मोहित तिवारी से उनकी मुलाकात प्यारे खान और सफीक ने कराई थी। इन लोगों ने बताया था कि परेड निवासी पूर्व पार्षद मन्नू रहमान का केडीए में काफी प्रभाव है और उनके संरक्षण में निर्माण कार्य कराए जाते हैं। आरोप है कि मोहित तिवारी को आर्थिक सहयोग देने में प्यारे खान, सफीक और मन्नू रहमान की भूमिका रहती थी।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि सभी लोग कथित तौर पर एक सिंडिकेट बनाकर क्षेत्र में अवैध और मानकों के विपरीत बहुमंजिला इमारतों का निर्माण कराते हैं। ग्राहकों को केडीए से नक्शा पास होने का भरोसा देकर फ्लैट बेचे जाते हैं और विरोध करने वालों को डराया-धमकाया जाता है।
अनिल को भी अपार्टमेंट का नक्शा स्वीकृत होने का भरोसा दिलाया गया और एक नक्शा दिखाकर फ्लैट बेच दिया गया। फ्लैट की रजिस्ट्री के लिए 19.50 लाख रुपये की लिखापढ़ी कराई गई, जबकि करीब दो लाख रुपये नकद भी दिए गए। जमीन की मालकिन सरबजीत कौर और बिल्डर मोहित तिवारी की भूमिका से फ्लैट की रजिस्ट्री कराई गई।
*लिफ्ट बंद मिली, दीवारों में दरार और बारिश में फ्लैट के अंदर आता था पानी*
अनिल बाथम ने बताया कि फ्लैट में रहने पहुंचे तो कई गंभीर खामियां सामने आईं। जिस लिफ्ट को चालू कराने का आश्वासन दिया गया था, वह बंद मिली। बरसात के दौरान पानी फ्लैट के भीतर आने लगा। अपार्टमेंट की दीवारों में दरारें थीं और निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने की आशंका थी। लिफ्ट में करंट उतरने और अग्निशमन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की भी शिकायत की गई।
पीड़ित का आरोप है कि इन समस्याओं को लेकर उन्होंने और अन्य निवासियों ने कई बार बिल्डर से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। विरोध करने पर बिल्डर और उसके सहयोगियों ने धमकियां दीं। डर के कारण वह पहले पुलिस के पास शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
केडीए और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की मांग
पीड़ित ने अपनी तहरीर में केडीए के संबंधित जेई और सुपरवाइजर की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि संबंधित अधिकारियों का बिल्डरों के यहां आना-जाना और उठना-बैठना था। शिकायतों के बावजूद निर्माण संबंधी अनियमितताओं पर कार्रवाई नहीं की जाती थी। पीड़ित ने निरीक्षण के नाम पर कथित लेन-देन होने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
अनिल ने केडीए और अग्निशमन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
अन्य इमारतों की जांच और तकनीकी-फॉरेंसिक जांच कराने की मांग
पीड़ित ने पुलिस और प्रशासन से अपार्टमेंट का स्वीकृत मानचित्र, फायर एनओसी, निर्माण संबंधी अभिलेख, बिजली की वायरिंग और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने की मांग की है। साथ ही इमारत की तकनीकी और फॉरेंसिक जांच कराने तथा आरोपियों द्वारा क्षेत्र में बनाई गई अन्य इमारतों की भी जांच कराने की मांग की है।
अनिल बाथम का कहना है कि उन्होंने अपने परिवार के सुरक्षित भविष्य के लिए जीवनभर की कमाई लगाकर फ्लैट खरीदा था, लेकिन हादसे में उनकी जमा पूंजी के साथ इकलौता बेटा भी उनसे छिन गया। पत्नी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं। अब उनकी मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
फीलखाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।


